एक साल में 1034 करोड़ की हुई भाजपा, कांग्रेस की आय 14 फीसदी घटी
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : साल 2016-17 में देश की सात राष्ट्रीय राजनीतिक दलों ने कुल 1,559.17 करोड़ रुपये की आय घोषित की है। इनमें 81 प्रतिशत इजाफे के साथ भारतीय जनता पार्टी की आय सबसे अधिक 1,034.27 करोड़ रुपये रही। इस दौरान कांग्रेस की आय में 14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) ने मंगलवार को जारी अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है, 'यह राशि वर्ष 2016-17 में राष्ट्रीय दलों द्वारा जुटाई गई कुल राशि का 66.34 प्रतिशत है। इस आय के लिहाज से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का दूसरा स्थान रहा। कांग्रेस को साल 2016-17 के दौरान राष्ट्रीय दलों को प्राप्त कुल राशि में से 225.36 करोड़ रुपये यानी 14.45 प्रतिशत राशि मिली है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) को इस दौरान सबसे कम 2.08 करोड़ रुपये यानी 0.13 प्रतिशत की आय हुई है।
ये आंकड़े देशभर में राजनीतिक दलों द्वारा दाखिल की गई आयकर रिटर्न से जुटाये गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि देश की सात राष्ट्रीय पार्टियों ने वर्ष के दौरान कुल 1,228.26 करोड़ रुपये का कुल व्यय घोषित किया है। भाजपा ने 2016-17 में सबसे ज्यादा 710.05 करोड़ रुपये का खर्च दिखाया है। जबकि कांग्रेस ने इस दौरान कुल 321.66 करोड़ रुपये का खर्च किया है जो कि उसकी वर्ष के दौरान हुई आय से 96.30 करोड़ रुपये ज्यादा है।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 2016-17 में कुल 173.58 करोड़ रुपये की आय हुई है, जबकि उसका कुल व्यय 51.83 करोड़ रुपये रहा है। एक साल के अंतराल (2015- 16 से 2016-17) के दौरान भाजपा की आय 81.18 प्रतिशत बढ़ी है। इस दौरान भाजपा की आय 570.86 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,034.27 करोड़ रुपये हो गई। जबकि इस अवधि में कांग्रेस को मिलने वाली राशि 261.56 करोड़ रुपये से घटकर 225.36 करोड़ रुपये रह गई।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ( एनसीपी ) की आय पिछले दो वर्ष में 88.63 प्रतिशत बढ़कर 17.23 करोड़ रुपये हो गई। 2015-16 में पार्टी की कुल आय 9.14 करोड़ रुपये थी। भाजपा और कांग्रेस ने आय के अपने तीन मुख्य स्रोतों में से अनुदान, योगदान को प्रमुख स्रोत बताया है।