कांग्रेस के कोषाध्यक्ष बने अहमद पटेल, मोतीलाल वोरा को मिली महासचिव की जिम्मेदारी
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। मंगलवार को मोतीलाल वोरा के स्थान पर वरिष्ठ नेता अहमद पटेल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने वोरा को महासचिव (प्रशासन) की जिम्मेदारी सौंपी है।
राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी के स्थान पर लुईजिन्हो फ्लेरियो को पूर्वोत्तर के राज्यों (असम को छोड़कर) का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया गया है। फ्लेरियो गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री भी हैं। वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को कर्ण सिंह के स्थान पर पार्टी के विदेश मामलों के विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है और लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को कांग्रेस कार्य समिति में बतौर स्थायी आमंत्रित सदस्य के तौर पर शमिल किया गया है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने एक बयान में कहा, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अहमद पटेल को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही मोतीलाल वोरा को महासचिव (प्रशासन) बनाया गया है। उन्होंने कहा, पार्टी बतौर कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा की कड़ी मेहनत और योगदान की सराहना करती है। वोरा पिछले 17 वर्षों से पार्टी के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे पटेल को कोषाध्यक्ष बनाए जाने को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।