'प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में आना चाहिए'
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस में नेतृत्व बदलाव का समर्थन करने के बाद पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह ने प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वह प्रखर बुद्धि वाली युवा महिला हैं और उन्हें पार्टी मामले को संभालना चाहिए।
उन्होंने पंजाब चुनावों पर राहुल गांधी के साथ बैठक से बाहर आने के बाद कहा, ‘मैंने हमेशा कहा है कि प्रियंका को सक्रिय राजनीति में आना चाहिए। राहुल गांधी और प्रियंका दोनों एक दूसरे के पूरक होंगे। वे फैसला कर सकते हैं कि उन्हें क्या भूमिका निभानी है।’ अमरिंदर ने कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन का समर्थन किया है और उनका कहना है कि अगर सोनिया गांधी वर्ष 1998 से पार्टी प्रमुख की जिम्मेदारी संभालकर थकान महसूस कर रही हैं तो वह राहुल को पदभार सौंप सकती हैं।
उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी के लिए अपनी मां से कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी लेने का सही वक्त है और उन्होंने प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने का समर्थन किया था। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस उपाध्यक्ष के लिए सोनिया गांधी से जिम्मेदारी लेने का समय आ गया है, अमरिंदर ने कहा, ‘सोनिया गांधी शानदार नेता हैं। मैंने कहा है कि वह कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर पिछले 20 साल से काम कर रही हैं। अगर उन्हें लगता है कि इसे नयी पीढी को देने का समय आ गया है तो उन्हें इसे आगे बढ़ाना चाहिए और हम राहुल का पूरी तरह से समर्थन करेंगे।’