भाजपा के शाह ने शुरू किया 'संपर्क से समर्थन' कार्यक्रम, पहले ही दिन दिखा मिस-मैनेजमेंट
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी सरकार की चार वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए ‘संपर्क से समर्थन’ कार्यक्रम की शुरुआत की। शाह ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग से यहां मंदिर मार्ग स्थित उनके घर पर मुलाकात कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने सुहाग को मोदी सरकार की उपलब्धियों से संबंधित कुछ पुस्तिकाएं भी भेंट की।
भाजपा प्रमुख ने ट्वीट कर कहा, राष्ट्रव्यापी अभियान ‘संपर्क से समर्थन’ लॉन्च किया। घर-घर जाने की इस पहल का उद्देश्य बीते चार वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई परिवर्तनीय पहलों से लोगों को जागरूक करना है। शाह इस कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए 50 नामचीन हस्तियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे। यह अभियान पार्टी की 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले अधिकतम लोगों तक पहुंच बनाने के प्रयास का हिस्सा है।
पहले ही दिन शाह के अभियान में मिस-मैनेजमेंट
'संपर्क फॉर समर्थन' अभियान की शुरुआत पूर्व सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग के घर से होती, इससे पहले भाजपा ऐसी गफलत में पड़ी कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह जनरल सुहाग की जगह मेजर जनरल सुहाग से मिलने के लिए जा रहे थे। समय रहते जानकारी मिलने पर शाह जनरल सुहाग के घर पहुंच पाए। तय कार्यक्रम के अनुसार शाह को गुड़गांव के सेक्टर 46 में स्थित पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह सुहाग के घर से इस महा जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करनी थी। दिलचस्प बात यह रही कि देर रात तक भाजपा को पता ही नहीं था कि जनरल दलबीर सिंह सुहाग रहते कहां हैं? पार्टी ने सोमवार को जानकारी दी कि पार्टी अध्यक्ष जनरल सुहाग से गुड़गांव के सेक्टर 46 में मिलेंगे जबकि पार्टी वहां रहने वाले एक अन्य मेजर जनरल भीम सिंह सुहाग से संपर्क करने में लगी थी। पुलिस और प्रशासन तक सारा अमला इस मुलाकात की तैयारी में जुटा था। दूसरी तरफ जनरल दलबीर सिंह सुहाग को इस मुलाकात की जानकारी तक नहीं थी। इससे पहले कि शाह पूर्व सेना प्रमुख की जगह अन्य पूर्व सैन्य अधिकारी से मिलते पार्टी और प्रशासन को गलती का अहसास हो गया। तब जाकर यह मुलाकात जनरल दलबीर सिंह के सरकारी निवास नई दिल्ली स्थित 20, मंदिर मार्ग पर हुई।
भाजपा ने केंद्र में राजग सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह संपर्क कार्यक्रम शुरू किया है। केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री समेत पार्टी के 4000 वरिष्ठ कार्यकर्ता मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताने के लिए देशभर में एक लाख से ज्यादा प्रसिद्ध व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा सांसद, विधायक, जिला पंचायत के सदस्य व वरिष्ठ अधिकारी भी इस अभियान में हिस्सा लेंगे। मोदी ने भी इस कार्यक्रम के अंतर्गत नमो ऐप के जरिए सोमवार को उज्ज्वला योजना और मंगलवार को मुद्रा योजना के लाभार्थियों से बातचीत की।