निकाय चुनावों में EVM की गड़बड़ी पर मुख्य चुनाव आयुक्त का बेतुका बयान
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश निकाय चुनावों में ईवीएम में गड़बड़ी को मुद्दा बनाकर विभिन्न पार्टियां अपने अपने दावे कर रहीं हैं। इस सबके बीच मुख्य चुनाव आयुक्त एके जोति भी अपने तर्क के साथ सामने आए हैं। बयान लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिहाज से बेतुका ही कहा जाएगा। उन्होंने कहा है कि निकाय चुनावों की पूरी जिम्मेदारी राज्य चुनाव आयुक्त की होती है, इसमें मुख्य चुनाव आयोग की कोई भूमिका नहीं होती। इसके साथ ही CEC ने गुजरात चुनावों में ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन के इस्तेमाल किए जाने की बात कही।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने एक प्रेस कांफ्रेंस में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राज्यों में हुए निकाय चुनावों की जिम्मेदारी राज्य चुनाव आयुक्त की होती है इसमें CEC की कोई भूमिका नहीं होती। हम उनकी मांग पर M1 ईवीएम देते हैं ईवीएम 2 नहीं उपलब्ध कराते। जिसे मुख्य चुनाव आयोग फिलहाल इस्तेमाल कर रहा है। M1 ईवीएम का 2006 के बाद CEC ने इस्तेमाल ही नहीं किया है। जाहिर तौर पर उनका इशारा इस मसले को लेकर मुखर कांग्रेस की ओर था। जिसने सपा और बसपा के साथ EVM परिणामों पर प्रश्नचिन्ह लगाया है।
जोति ने ये भी बताया कि गुजरात विधानसभा चुनावों में सभी 184 विधानसभा क्षेत्रों के 50,264 चुनाव बूथों पर ईवीएम के साथ वीवीपैट का प्रयोग किया जाएगा। हाल ही में कांग्रेस ने ईवीएम पर संदेह जताते हुए एक याचिका गुजरात हाई कोर्ट में डाली थी। जिसे संज्ञान में लेते हुए कोर्ट ने मुख्य और राज्य चुनाव आयोग को नोटिस जारी की थी।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर इनदिनों बैलेट बनाम ईवीएम को लेकर बहस जारी है। बहस की वजह हाल ही सम्पन्न उत्तर प्रदेश नगर निगम चुनाव हैं। दरअसल यूपी के 16 नगर निगमों में मेयर पद के लिए ईवीएम से वोट डाले गए, जिनमें भाजपा ने 14 पर जीत हासिल की। 2 सीटों पर बसपा को जीत मिली। पार्षदों के लिए हुए चुनाव में भी भाजपा को अच्छी सीटें मिली हैं, लेकिन बैलेट पेपर वाले आंकड़े अलग हैं।
यूपी में नगर पंचायत अध्यक्ष के कुल 438 पदों के लिए चुनाव हुए। सभी जगह बैलेट पेपर से वोटिंग हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष के इन चुनावों में भाजपा को केवल 100 सीटें मिली हैं, जबकि 338 सीटों पर गैर-भाजपाई दलों और निर्दलीयों ने जीत हासिल की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आंकड़ों का मिलान जब चुनाव आयोग की वेबसाइट से किया गया, तो ये आंकड़े सही मिले।