वाह मंत्री जी! 9 लाख की घड़ी 45000 के जूते, फिर भी डिफॉल्टर
सत्ता विमर्श ब्यूरो
चंडीगढ़ : मोदी सरकार में शामिल जितने मंत्री उतने किस्से। अब एक आरटीआई से पता चला है कि केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री चौधरी बीरेन्द्र सिंह जिनके बारे में कहा जाता है कि वह 9 लाख की घड़ी और 45 हजार के जूते पहनते हैं, पर हरियाणा सरकार का 24 लाख रूपये से अधिक का बकाया है। उन्होंने घर और कार के लिए यह लोन लिया था। उन्हें 24.23 लाख रूपये का भुगतान करना है। उनके अलावा 13 अन्य विधायकों पर भी लोन बकाया है।
आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार 1992 से 2009 के बीच हरियाणा विधानसभा में विधायक रहते हुए चौधरी बीरेंद्र सिंह को 19 मार्च और 22 मार्च 2007 को दो किश्तों में 25 लाख रूपये दिए गए थे। इसके बाद बीरेन्द्र सिंह ने सितम्बर 2009 तक किश्तों का भुगतान किया, लेकिन इसके बाद से उनकी किश्ते बकाया चल रही हैं। साथ ही कार लोन के लिए 2009 में 10 लाख रूपये लिए थे। इसकी किश्तें भी एक साल के लिए ही चुकाई गई और 15 सितम्बर 2010 के बाद से यह भी बकाया चल रही हैं। इस तरह से दोनों लोन की बकाया राशि 24.23 लाख रूपये होती है।
दिलचस्प बात है कि हरियाणा सरकार की ओर से विधायकों को केवल चार प्रतिशत की ब्याज दर पर यह लोन दिया गया। यहां यह बताना जरूरी है कि इसी साल मई में एक रैली के दौरान केन्द्रीय मंत्री बीरेन्द्र सिंह ने कहा था कि एक किसान का बेटे होने के बावजूद वह नौ लाख रूपये की घड़ी और 45 हजार रूपये के जूते पहनते हैं। उन्होंने यह बयान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 10 लाख रूपये के सूट को लेकर उठे विवाद पर कही थी। हालांकि उन्हें इस बयान पर काफी आलोचनाएं भी झेलनी पड़ी थी।