कर्नाटक संकट पर SC के फैसले से कांग्रेस गदगद, सिंघवी ने फैसले को बताया ऐतिहासिक
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली: कर्नाटक संकट का हल निकालने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने जो रास्ता सुझाया और प्रदेश सरकार के मुखिया को शनिवार शाम तक बहुमत साबित करने का वक्त दिया उससे कांग्रेस राहत महसूस कर रही है। कांग्रेस नेता और पार्टी की ओर से कोर्ट में दलील देने वाले वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने इस फरमान को ऐतिहासिक करार दिया है। दरअसल, अपने फैसले में कोर्ट ने भाजपा सरकार पर सख्त टिप्पणी की है और येदियुरप्पा द्वारा मुख्यमंत्री बनते ही एक एंग्लो-इंडियन सदस्य को नामित करने को गलत बताया है। कहा है कि फ्लोर टेस्ट से पहले मुख्यमंत्री नीतिगत फैसला नहीं कर सकते।
अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा- सुप्रीम कोर्ट ने एक ऐतिहासिक आंतरिक आदेश दिया है। आदेश के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण आदेश दिए गए हैं। फ्लोर टेस्ट कल ही होगा। इसके लिए जल्द ही प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि येदियुरप्पा के वकील से कोर्ट ने कहा कि कल तक वो कोई नीतिगत निर्णय नहीं लेंगे। अभिषेक मनु सिंघवी ने ये भी कहा कि राज्यपाल के काम करने के तरीके के सिलसिले में 10 सप्ताह बाद कोर्ट में सुनावाई करेगी कि क्या राज्यपाल किसी ऐसी पार्टी को दे सकती है जो अल्पमत में हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ये मुद्दा उठाया है कि किस आधार पर राज्यपाल ऐसा फ़ैसला ले सकते हैं। उन्होंने ये भी बताया कि कोर्ट ने कहा है कि विश्वास मत से पहले एंग्लो इंडियन सदस्य को मनोनीत नहीं किया जा सकता है।
कांग्रेस खुश हुई
इस फैसले को लेकर कांग्रेसी खेमे ने खुशी जाहिर की है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट कर इसे -संविधान और गणतंत्र की जीत बताया। वहीं कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव ने कहा- सुप्रीम कोर्ट ने कल 4 बजे विश्वास मत साबित करने के लिए कहा है। ये राज्यपाल के फ़ैसले के उलट है और भाजपा के लिए अपमानजनक है।
भाजपा को भरोसा- साबित करेंगे बहुमत
दूसरी ओर भाजपा भी बहुमत साबित करने को लेकर आशान्वित है। हालांकि उनके वकील मुकुल रोहतगी ने कोर्ट से फ्लोर टेस्ट के लिए सोमवार तक का समय मांगा था जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी ट्विट कर विश्वास जताया है कि पार्टी फ्लोर टेस्ट में सफल साबित होगी। उन्होंने कहा भाजपा को भरोसा है कि वो सदन में अपना बहुमत साबित कर देगी।
वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भी फ्लोर टेस्ट में सफल होने का भरोसा जताया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा- हम प्रमुख सचिव से बात करेंगे और कल ही विधानसभा सत्र बुलाएंगे। हमे सौ फीसदी विश्वास है कि हम बहुमत साबित कर देंगे।
गौरतलब है कि, कर्नाटक विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। लेकिन चुनाव के बाद कांग्रेस ने जेडीएस के साथ मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। कांग्रेस को 78 और जेडीएस को 37 सीटें मिली थी।
लेकिन राज्यपाल ने बीएस येदियुरप्पा को सरकार बनाने का न्यौता दिया। इसके बाद कांग्रेस और जेडीएस ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया। सुप्रीम कोर्ट ने येदियुरप्पा के शपथ लेने पर रोक तो नहीं लगाई लेकिन सुनवाई जारी रखने का फ़ैसला किया।