नेशनल हेराल्ड केस : हाईकोर्ट जाएगी कांग्रेस
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस पार्टी कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को जारी समन को चुनौती देने के लिए कांग्रेस अब दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।
मशहूर वकील अभिषेक मनु सिंघवी हाईकोर्ट में सोनिया और राहुल गांधी की पैरवी करेंगे। नेशनल हेराल्ड के फंड में कथित घोटाला के उजागर होने के बा दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी को समन जारी किया था। दोनों को 7 अगस्त को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया है। सोनिया गांधी को बतौर आरोपी समन जारी किया गया है।
सोनिया और राहुल के अलावा मोतीलाल वोरा, ऑस्कर फर्नांडिस और सैम पित्रोदा को भी समन भेजा गया है। मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गोमती मनोचा ने समन जारी करते हुए कहा कि मुझे सभी आरोपियों के खिलाफ प्रथम दृष्टया सूबत मिले हैं। नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र था जो चार साल पहले बंद हो गया था।
मालूम हो कि नेशलन हेराल्ड की स्थापना देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने 1938 में की थी। 2008 में अखबार बंद हो गया था। यंग इंडियन नामक निजी कंपनी ने नेशनल हेराल्ड की संपत्ति का अधिग्रहण कर लिया। भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने इस मामले में कोर्ट में याचिका दायर की है।
सोनिया गांधी और राहुल गांधी यंग इंडियन कंपनी में निदेशक हैं। दोनों के कंपनी में 76 फीसदी शेयर हैं। अन्य शेयर कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा और ऑस्कर फर्नांडिस के हैं। स्वामी ने कहा कि अगर सोनिया गांधी दोषी पाई गई तो उन्हें सात साल की जेल हो सकती है। उन्हें ट्रायल का सामना करना होगा।