लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की 15 उम्मीदवारों की पहली सूची, रायबरेली से लड़ेंगी सोनिया
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें गुजरात की चार और उत्तर प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों के लिए नाम तय कर दिए गए हैं। इस सूची के मुताबिक, रायबरेली से एक बार फिर सोनिया गांधी ही चुनाव लड़ेंगी। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रियंका गांधी फूलपुर से चुनावी मैदान में उतर सकती हैं जिसकी घोषणा आने वाले वक्त में की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (एसपी) और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के गठबंधन में कांग्रेस को शामिल किए जाने की चर्चाओं के बीच यह सूची जारी करके कांग्रेस ने नया दांव चल दिया है। इस सूची में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं निर्मल खत्री, आरपीएन सिंह, सलमान खुर्शीद, इमरान मसूद, अनु टंडन, जतिन प्रसाद, सोनिया गांधी और खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम शामिल हैं।
1. अहमदाबाद पश्चिम (गुजरात) राजू परमार
2. आणंद गुजरात से भरतसिंह एम. सोलंकी
3. वड़ोदरा गुजरात से प्रशांत पटेल
4. छोटा उदयपुर गुजरात से रणजीत मोहनसिंह राठवा
5. सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से इमरान मसूद
6. बदायूं (उत्तर प्रदेश) से सलीम इकबाल शेरवानी
7. धौरहड़ा (उत्तर प्रदेश) से जतिन प्रसाद
8. उन्नाव (उत्तर प्रदेश) से श्रीमती अन्नू टंडन
9. रायबरेली (उत्तर प्रदेश) से श्रीमती सोनिया गांधी
10. अमेठी (उत्तर प्रदेश) से राहुल गांधी
11. फर्रूखाबाद (उत्तर प्रदेश) से सलमान खुर्शीद
12. अकबरपुर (उत्तर प्रदेश) से राजाराम पाल
13. जालौन (उत्तर प्रदेश) से बृजलाल खबरी
14. फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) से निर्मल खत्री
15. कुशीनगर (उत्तर प्रदेश))से आरपीएन सिंह
सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि कांग्रेस को अमेठी-रायबरेली समेत कुल 15 सीटें सपा-बसपा गठबंधन की तरफ से दी जा सकती हैं। ऐसे में कांग्रेस ने 11 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान करके सपा-बसपा पर दबाव बना दिया है। इन 11 उम्मीदवारों में ज्यादातर बड़े नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं। यह भी कांग्रेस की एक सोची समझी रणनीति हो सकती है, जिसके तहत सपा-बसपा को कम से कम इन सीटों पर झुकने पर मजबूर किया जा सके।