केन्द्रीय मंत्री हंसराज अहीर ने नाइजीरियन मूल के लोगों को बताया तस्कर
सत्ता विमर्श ब्यूरो
रायपुर: मौका था छत्तीसगढ़ की राजधानी में 63 पाकिस्तानियों को भारत की नागरिकता देने का। उन्हें ये सम्मान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज अहीर के हाथों नसीब हो रहा था। लेकिन इस मौके पर भी मंत्री विवादित बयान देने से खुद को रोक नहीं पाए। इस बार उन्होंने नाइजीरियन मूल के लोगों को निशाने पर रखा। अहीर ने दिल्ली में रह रहे इन विदेशियों पर अपराधों में शामिल होने का आरोप लगाया है। नाइजीरियन लोगों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि वे दिल्ली में ड्रग का कारोबार करते हैं।
ये कहा मंत्री ने:
#WATCH MoS Home Affairs Hansraj Ahir says, " Nigerians living in Delhi are indulging in drug trafficking." #Raipur (25.10.2017) pic.twitter.com/1baDVK7KOe
— ANI (@ANI) October 26, 2017
अहीर ने रायपुर में बुधवार को कहा, 'आज दुनिया के किसी भी देश के नागरिक को हमने अपने यहां सम्मान से जीने का अधिकार भी दिया है। जैसे कई लोग हैं जिन्हें हम वीजा देते हैं, लॉन्ग टर्म वीजा भी दिया जाता है, वर्षों से यहां रहते भी हैं..और सम्मान से रहते हैं। उनपर अत्याचार नहीं होता है बल्कि वे यहां आकर अत्याचार करते हैं। जिन्हें हमने दिल्ली में कुछ को रखा है, नाइजीरियन लोग रहते हैं वीजा लेकर। लेकर रहते हैं तो बेइमानी से रहते हैं, ड्रग का कारोबार करते हैं।'
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज अहीर ने यह बात रायपुर में 63 पाकिस्तानियों को नागरिकता देने के कार्यक्रम में कही। अहीर और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने एक समारोह में छत्तीसगढ़ में पिछले कई सालों से अस्थायी रूप से रह रहे 63 पाकिस्तानियों को भारत की स्थायी नागरिकता का प्रमाणपत्र सौंपा। कुल 100 लोगों को यह प्रमाणपत्र देना है। बाकी लोगों को इसी हफ्ते वितरित कर दिया जाएगा।