राफेल डील पर राहुल का तंज; रक्षा मंत्री खरीदते रहे मछली और मोदी जी ने बदल दिया कांट्रेक्ट
सत्ता विमर्श ब्यूरो
सौंदत्ती (कर्नाटक) : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी इस समय कर्नाटक दौरे पर हैं और भारतीय जनता पार्टी पर हमला करने का कोई भी मौका नहीं गंवा रहे। लंबे समय से राफेल फाइटर एयरक्राफ्ट डील पर सरकार को घेर रहे राहुल ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया है। कर्नाटक के सौंदत्ती में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राफेल डील में पीएम नरेंद्र मोदी ने तत्कालीन रक्षा मंत्री से चर्चा तक नहीं की। उन्होंने कहा, 'रक्षा मंत्री गोवा में मछली की दुकान में मछली खरीद रहे थे और उनको पता भी नहीं था कि मोदी जी ने राफेल का कॉन्ट्रैक्ट बदल दिया।'
मालूम हो कि लोकसभा में पीएम मोदी के भाषण से पहले भी कांग्रेस ने राफेल डील को लेकर सवाल किया था। राहुल यहीं नहीं रुके और भाजपा शासित मध्य प्रदेश में हुए व्यापमं घोटाले को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने भाजपा पर व्यवस्था को नष्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश में व्यापमं घोटाला करके भाजपा के लोगों ने पूरी शिक्षा व्यवस्था को नष्ट कर दिया है।