एग्जिट पोल में मोदी लहर बरकरार : गुजरात और हिमाचल दोनों ही राज्यों में भाजपा का परचम
सत्ता विमर्श डेस्क
नई दिल्ली : गुजरात में दूसरे चरण का मतदान खत्म होने के साथ खबरिया चैनलों पर एग्जिट पोल दिखाने की होड़ मच गई। तमाम एग्जिट पोल में जहां हिमाचल में भाजपा को दो तिहाई बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है वहीं गुजरात में भी कमोवेश पिछले चुनाव के आंकड़ों के साथ भाजपा की एक बार फिर से सत्ता में वापसी होती दिख रही है। गुजरात में पहले चरण का मतदान 9 दिसंबर को हुआ था जबकि दूसरे चरण का मतदान 14 दिसंबर को संपन्न हुआ। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए 9 नवंबर को मतदान कराए गए थे। दोनों राज्यों के लिए मतगणना आगामी 18 दिसंबर को होगी।
हिमाचल की बात करें तो राज्य में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं और भाजपा विभिन्न एक्जिट पोल के अनुसार आसानी से जीत दर्ज करने जा रही है। सभी एक्जिट पोल का औसत निकालें तो यहां भाजपा के खाते में 68 में से 49 सीटें जाती दिख रही हैं। इसका मतलब है कांग्रेस के हाथ से एक और राज्य निकलने जा रहा है और भाजपा को यहां बड़ी जीत हासिल हो सकती हैं। इंडिया टुडे-एक्सिस ने तो हिमाचल में भाजपा को दो तिहाई से भी अधिक सीटें दे दी है।
टाइम्स नाउ का एग्जिट पोल
न्यूज चैनल टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल के अनुसार गुजरात में भाजपा स्पष्ट बहुमत लेती दिख रही है। पोल के अनुसार 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 109 और कांग्रेस को 70 सीटें मिलती दिख रही हैं। हालांकि पिछली बार के मुकाबले इस बार भाजपा का वोटिंग प्रतिशत कम होता दिख रहा है। भाजपा को इस बार पिछली बार से एक फीसदी कम यानी 47 फीसदी वोट मिलने की उम्मीद है जबकि कांग्रेस को पहले से दो फीसदी ज्यादा यानि 41 फीसदी वोट मिलने की उम्मीद है, जबकि अन्य के हिस्से में 12 फीसदी वोट आएंगी।
एबीपी न्यूज का एग्जिट पोल
न्यूज चैनल एबीपी के एग्जिट पोल के अनुसार गुजरात में भाजपा को 2012 के चुनाव से ज्यादा सीटें मिलती दिख रही है। इस बार के चुनाव में कुल 182 सीटों में भाजपा को 117 और कांग्रेस को 64 सीटें मिलती दिख रही हैं। एक सीट अन्य के खाते में जाती दिख रही है। मध्य गुजरात की 40 में से भाजपा को 24 सीटें और कांग्रेस को 16 सीटें मिलने का अऩुमान है। उत्तर गुजरात की 53 में से भाजपा को 35 और कांग्रेस को 18 सीटें मिलने का अनुमान है। दक्षिण गुजरात में 35 सीटों में से भाजपा को 24 और कांग्रेस को 11 सीटें मिलती दिख रही हैं। एग्जिट पोल के अनुसार हिमाचल में भाजपा 68 में से 38 सीटों पर जीत का परचम लहरा सकती है। वहीं कांग्रेस के खाते में 29 सीटें जाने की उम्मीद है।
इंडिया टुडे-एक्सिस के एग्जिट पोल
इंडिया टुडे-एक्सिस के एग्जिट पोल में भी गुजरात में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। चैनल के सर्वे में भाजपा को 99-113 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है जबकि कांग्रेस को 68-82 सीटें मिलने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश के एग्जिट पोल में इंडिया टुडे-एक्सिस ने भाजपा को दो तिहाई बहुमत के आंकड़े दिखाए हैं। यहां भाजपा को 47 से 55 और कांग्रेस को 13-20 तथा अन्य को 2 सीटें मिलती दिखाई गई हैं।
रिपब्लिक-सी वोटर के एग्जिट पोल
न्यूज चैनल रिपब्लिक टीवी-सी वोटर के एग्जिट पोल में भी गुजरात में भाजपा की सरकार बनती दिखाई गई है। चैनल के सर्वे में भाजपा को 115, कांग्रेस को 65 और अन्य को 2 सीटें मिलती दिखाई गई हैं।
इंडिया टीवी के एग्जिट पोल
न्यूज चैनल इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में भाजपा को 104-114 सीटों के साथ एक बार फिर से गुजरात की सत्ता में वापसी का अनुमान लगाया गया है। कांग्रेस को 65 से 75 सीटें मिल सकती हैं जो पिछले चुनाव से 4 से 14 सीटें अधिक हैं। 2 सीटें अन्य के खाते में जाती दिख रही हैं। इंडिया टीवी ने दक्षिण गुजरात में भाजपा को भारी बढ़त दिखाई है।