एग्जिट पोल : राजस्थान हाथ के साथ, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में BJP के लिए जीत आसान नहीं
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान शुक्रवार को समाप्त होने के साथ ही तमाम खबरिया चैनलों पर विभिन्न एजेंसियों के एग्ज़िट पोल सर्वे के नतीजों की बाढ़ सी आ गई। एग्ज़िट पोल के तमाम अनुमानों और संकेतों का अध्ययन किया जाए तो जहां मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला दिखाया गया है, वहीं राजस्थान में कांग्रेस की स्पष्ट जीत का अनुमान लगाया गया है। तेलंगाना में एक बार फिर से तेलंगाना राष्ट्र समिति की वापसी के संकेत दिए गए हैं। 40 सीटों वाले मिजोरम की बात करें तो यहां एमएनएफ और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला दिखाया गया है जिसमें अन्य दलों की भूमिका किंग मेकर की हो सकती है। यहां भाजपा का एक भी सीट नहीं मिलने के अनुमान लगाए गए हैं।
राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनने के संकेत (कुल 199 सीट)
शुक्रवार को संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में राजस्थान एक ऐसा प्रदेश है, जिसे लेकर लगभग सभी एग्जिट पोल के नतीजों में कांग्रेस की सरकार बनने की बात कही जा रही है। पिछले दो दशकों से भी अधिक समय से यहां किसी पार्टी की पांच साल के कार्यकाल के बाद लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में वापसी नहीं हुई है। राज्य में 200 विधानसभा सीटें हैं, पर एक उम्मीदवार के आकस्मिक निधन के कारण यहां 199 सीटों के लिए ही वोट डाले गए। बहुमत के लिए 100 सीटें चाहिए। 2013 के चुनाव की बात करें तो कांग्रेस को 21 सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा के खाते में 163 सीटें गई थीं। लेकिन इस बार स्थिति काफी बदली हुई नजर आ रही है। कांग्रेस को बीजेपी के खिलाफ बड़ी बढ़त मिलती हुई दिख रही है। इंडिया टुडे ने अपने एग्जिट पोल में बीजेपी को 55 से 72 सीटें मिलने का अनुमान जताया है, जबकि कांग्रेस को 119 से 141 सीटें मिल सकती हैं। यह आंकड़ा बहुमत से काफी आगे है। अन्य को 4 से 11 सीटें मिलने का अनुमान है। टाइम्स नाउ ने भी कांग्रेस को 105 सीटें दी हैं और बीजेपी को सिर्फ 85 मिलने का अनुमान जताया है, जबकि अन्य को 9 सीटें मिली हैं। यहां तक कि रिपब्लिक टीवी ने कांग्रेस की तुलना में बीजेपी को बहुत पीछे रखा है। उनके एग्जिट पोल में जहां कांग्रेस को 129 से 145 सीटें मिल सकती हैं तो बीजेपी को सिर्फ 52 से 68 सीटें और अन्य को 5 से 11 सीटें दी गई हैं। न्यूज नेशन के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 99 से 103, बीजेपी को 83 से 93 और अन्य को 5 से 8 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस-भाजपा के बीच कांटे की टक्कर (कुल 230 सीट)
मध्य प्रदेश में ज्यादातर एग्जिट पोल के नतीजों में भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर बताई जा रही है। हालांकि कुछ एग्जिट पोल में कांग्रेस को साफ बढ़त भी दिखाई गई है। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 28 नवंबर को वोट डाले गए थे। एबीपी न्यूज के अनुसार, मध्य प्रदेश भाजपा के हाथ से निकल गया है। यहां कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर आ रहा है। एग्जिट पोल के अनुसार यहां कांग्रेस को 126 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं भाजपा को 94 सीट मिलती दिखाई दे रही हैं। वहीं अन्य के खाते में 10 सीटें जाने की संभावना है। बहुमत के लिए 116 सीटें चाहिए। इंडिया टुडे के एग्जिट पोल में यहां कांटे की टक्कर नजर आ रही है। इंडिया टुडे के अनुसार, मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 104 से 122 सीटें मिल सकती हैं जबकि भाजपा को भी 102 से 120 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं अन्य के खाते में 7 सीटें जा सकती हैं। टाइम्स नाऊ के एग्जिट पोल की बात करें तो इसमें भाजपा को 126 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि कांग्रेस को 112 सीट मिल सकती है। टाइम्स नाऊ के हिसाब से राज्य में अन्य को भी 12 सीटें मिल सकती हैं। रिपब्लिक टीवी के एग्जिट पोल की बात करें तो इसके अनुसार राज्य में कांग्रेस को 110 से 126 सीट मिलती नजर आ रही है। वहीं भाजपा को 90 से 106 और अन्य को 6 से 22 सीटें मिल सकती हैं। कई अन्य चैनलों के सर्वे में भी इसी तरह के नतीजे देखने को मिल रहे हैं। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में कांटे की टक्कर है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस-भाजपा के बीच बराबरी का मुकाबला (कुल 90 सीट)
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों की बात करें तो यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच काफी करीब का मुकाबला है। कई एग्जिट पोल राज्य में कांग्रेस की स्पष्ट बहुमत से सरकार बनने का संकेत दे रहे हैं। हालांकि कुछ एग्जिट पोल में भाजपा को भी बढ़त बताई जा रही है। 90 सीटों वाले विधानसभा चुनाव में बहुमत के लिए 46 सीटें चाहिए। इंडिया टुडे के एग्जिट पोल में छत्तीसगढ़ भाजपा के हाथ से निकल गया है। यहां कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर आ रहा है। एग्जिट पोल के अनुसार, यहां कांग्रेस को 55 से 65 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि भाजपा के खाते में 21 से 31 सीटें जाती नजर आ रही हैं। वहीं अन्य को 4 से 8 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। रिपब्लिक टीवी के एग्जिट पोल की बात करें तो इसके अनुसार राज्य में कांग्रेस को बढ़त मिलने जा रही है। यहां कांग्रेस को 40 से 50 सीटें मिलती नजर आ रही हैं वहीं भाजपा को 35 से 43 सीटें और अन्य के खाते में 6 से 22 सीटें मिल सकती हैं। टाइम्स नाऊ के एग्जिट पोल की बात करें तो इसमें भाजपा को 46 सीटें और कांग्रेस को 35 सीट मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में भी 9 सीटें जा सकती हैं। जबकि एबीपी न्यूज के एग्जिट पोल में यहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलती नजर आ रही है। एबीपी न्यूज के अनुसार, छत्तीसगढ़ में भाजपा को 52 सीटें मिल सकती हैं। जबकि कांग्रेस को 35 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। अन्य के खाते में 3 सीटें जाती दिख रही हैं। कुल मिलाकर कहा जाए तो छत्तीसगढ़ के एग्जिट पोल में कांग्रेस और भाजपा के बीच काफी करीब का मुकाबला है।
तेलंगाना में टीआरएस की फिर से वापसी के संकेत ( कुल 119 सीट)
तेलंगाना चुनाव को लेकर लगभग सभी एग्जिट पोल ने टीआरएस को बहुमत मिलने के संकेत दिए हैं लेकिन रिपब्लिक टीवी के पोल में टीआरएस और कांग्रेस गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर दिखाई गई है।119 सीटों के लिए हुए चुनाव में बहुमत के लिए 60 सीटों पर जीत जरूरी है। इंडिया टुडे ने अपने पोल में टीआरएस को 79 से 91 सीटें मिलने का दावा किया है। जबकि कांग्रेस को 21 से 31 सीटें और अन्य को 5 से 10 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य पार्टियों में हैदराबाद क्षेत्र में मजबूत असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम भी शामिल है। टाइम्स नाउ ने अपने पोल में टीआरएस को 66, कांग्रेस को 37 और अन्य को 16 सीटें दी हैं। क्षेत्रीय चैनल टीवी9 ने टीआरएस को 75 से 85 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। वहीं, कांग्रेस को 25 से 35 और अन्य को 9 से 14 सीटें मिल सकती हैं। रिपब्लिक टीवी के पोल में किसी को साफ बहुमत मिलता नहीं दिखाई दे रहा है। टीआरएस और कांग्रेस गठबंधन के बीच मुकाबला बराबरी का है। टीआरएस को जहां 48 से 60 सीटें मिल सकती हैं, वहीं कांग्रेस को 47 से 59 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि अन्य को 6 से 13 सीटें मिल सकती हैं।