भाजपा में मेरे साथ सौतेले बेटे जैसा बर्ताव हुआ, अब मैं आजाद शख्स हूं : शत्रुघ्न सिन्हा
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : भाजपा के बागी नेता यशवंत सिन्हा के गैर राजनीतिक राष्ट्र मंच से जुड़ने वाले भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि पार्टी में उनके साथ सौतेले बेटे जैसा बर्ताव हो रहा था। अब वह खुली हवा में सांस लेने वाले आजाद शख्स हैं। मालूम हो कि अभिनेता से नेता बने सिन्हा के अपनी ही पार्टी भाजपा से काफी समय से अच्छे रिश्ते नहीं चल रहे हैं। हालांकि, वो अब भी पार्टी में हैं और पटना साहिब से सांसद हैं। सिन्हा ने कहा कि ये सही है कि भाजपा ने मुझे बोलने के अलावा कोई दूसरा काम करने ही नहीं दिया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा मोदी सरकार की कई मौकों पर सख्त आलोचना करते आए हैं। उन्होंने राष्ट्र मंच नाम का गैर राजनीतिक संगठन बनाया है। इसमें शत्रुघ्न सिन्हा भी शामिल हैं। शत्रुघ्न ने एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में कई मसलों पर बातचीत की। सिन्हा ने कहा- मैं बता नहीं सकता कि अब मैं कितना आजाद महसूस कर रहा हूं। खुली हवा में सांस लेने का मजा ही कुछ और है। अब मैं देश की बेहतरी के लिए भी काम कर सकूंगा। अपनी बात खुलकर कह सकूंगा। जब उनसे पूछा गया कि भाजपा ने आपको कभी बोलने से तो नहीं रोका? इस पर शत्रुघ्न ने कहा- उन्होंने बोलने के अलावा मुझे और कोई काम करने भी तो नहीं दिया। मैं अपनी पेरेंट पार्टी में स्टेपसन (सौतेला बेटा) की तरह महसूस करता था।
शत्रुघ्न ने कहा कि राष्ट्र मंच कोई चुनाव नहीं लड़ेगा। यानी ये कोई पॉलिटिकल पार्टी नहीं है। हम समाज में बदलाव के लिए काम करेंगे। लेकिन, ये बदलाव जुबानी जमाखर्च नहीं होंगे। बल्कि, हकीकत में बदलाव लाए जाएंगे। किसानों की खुदकुशी और वित्तीय मामलों पर हम काम करेंगे। गरीबों की परेशानियों को कैसे खत्म किया जाए? इस पर भी विचार होगा। इसके अलावा बेरोजगारी, आंतरिक और वाह्य सुरक्षा भी हमारे एजेंडे में होंगे। शत्रुघ्न से जब ये पूछा गया कि क्या उनको वास्तविक मुद्दों पर काम करने दिया जाएगा? इस पर उन्होंने कहा- क्यों नहीं। आखिर हमारे देश के एक्शन हीरो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी तो रिफॉर्म्स चाहते हैं।