पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहन धारिया का पुणे में निधन
सत्ता विमर्श ब्यूरो
पुणे : पूर्व केंद्रीय मंत्री और योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष मोहन धारिया का लंबी बीमारी के बाद यहां के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने सोमवार सुबह करीब 7.55 बजे अंतिम सांस ली। धारिया 89 साल के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी शशिकला, बेटे सुशील व रवींद्र और बेटी साधना श्रॉफ हैं।
उन्हें गुर्दे की बीमारी के इलाज के लिए सदाशिवपेठ में पुणे हॉस्पिटल में बीते शनिवार को भर्ती कराया गया था लेकिन उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा था । पेशे से वकील व लोकसभा और राज्यसभा के दो बार सदस्य रह चुके धारिया राज्य स्तरीय व राष्ट्र स्तरीय राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं।
वह 1971 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में राज्य मंत्री थे। लेकिन 1975 में आपातकाल लागू होने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी। वह भारतीय लोकदल में शामिल हो गए थे और 1977 में प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के कार्यकाल में वाणिज्य मंत्री बने थे।
उनका जन्म महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के महाद शहर में 14 फरवरी, 1925 को हुआ था। राजनीति में पांच दशक के सक्रिय जीवन के बाद वह एक समर्पित पर्यावरणविद बन गए और किसानों के अधिकारों के लिए काम किया। कई अन्य सम्मानों के साथ धारिया को 2005 में उनके सामाजिक कार्यो के लिए देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।