नोटबंदी कालेधन के खिलाफ लोगों की निर्णायक लड़ाई है : PM मोदी
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि नोटबंदी देश के सवा सौ करोड़ लोगों द्वारा कालाधन के खिलाफ लड़ी गई निर्णयक लड़ाई थी जिसमें उन्हें जीत हासिल हुई। मोदी ने कहा कि कालाधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की ओर से उठाए गए कदमों को समर्थन देने के लिए वह भारत के लोगों को नमन करते हैं। प्रधानमंत्री ने नोटबंदी की पहली वर्षगांठ के अवसर पर कई ट्वीट किए। उन्होंने एक ट्वीट के जरिये एक लघु फिल्म पोस्ट की जिसमें इसके फायदों को बताया गया है। उन्होंने लोगों से एक सर्वे में हिस्सा लेने का आग्रह किया जो नरेंद्र मोदी ऐप पर उपलब्ध है, साथ ही कहा कि कालाधन एवं भ्रष्टाचार को समाप्त करने के सरकार के प्रयासों के बारे में भी अपनी राय बताएं।
अमित शाह ने नोटबंदी पर चलाया हस्ताक्षर अभियान
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने नोटबंदी का एक वर्ष पूरा होने पर भाजपा की ओर से मनाए जा रहे कालाधन विरोधी दिवस के मौके पर जूनागढ़ में एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया और कहा कि वह भ्रष्टाचार और कालेधन से मुक्त एक नये भारत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता का समर्थन करते हैं। शाह ने अपने दिन की शुरुआत सोमनाथ मंदिर में दर्शन करके की। भाजपा अध्यक्ष शाह गत शनिवार से गुजरात में हैं और अगले महीने होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। शाह ने ट्वीट किया, कालाधन विरोधी दिवस के दिन भ्रष्टाचार और कालेधन से मुक्त एक नये भारत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता का समर्थन करने वाले देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान में शामिल हुआ। भाजपा के शहर इकाई अध्यक्ष शशिकांत भिमानी ने कहा, शाह ने शहर के मोती बाग चौक क्षेत्र में रखे एक बड़े बोर्ड पर हस्ताक्षर करके आठ नवंबर को कालाधन विरोधी दिवस के तौर पर मनाने के लिए एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता हर्षद पटेल ने कहा कि नोटबंदी के समर्थन में पूरे राज्य में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है।
कांग्रेस भ्रष्टाचार को संस्थागत कर रही है : जावड़ेकर
नोटबंदी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बेंगलुरु में आरोप लगाया कि पार्टी भ्रष्टाचार को संस्थागत कर रही है। इसे दो राजनीतिक संस्कृति के बीच जंग बताते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में ईमानदारी को सम्मानित किया जाएगा और बेइमानी को दंडित किया जाएगा। जावड़ेकर 2018 कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी प्रभारी भी हैं। उन्होंने कहा, भाजपा देश भर में कालाधन विरोधी दिवस मना रही है। आश्चर्य है कि कांग्रेस भी मना रही है लेकिन एक अंतर है… कांग्रेस यह दिन कालाधन समर्थन दिवस के तौर पर मना रही है। उन्होंने कहा, वे कालाधन का समर्थन कर रहे हैं, हम कालाधन का विरोध कर रहे हैं। वे भ्रष्टाचार को संस्थागत कर रहे हैं, हम व्यवस्था में ईमानदारी और पारदर्शिता ला रहे हैं। यह दो राजनीतिक संस्कृतियों के बीच की जंग है और पिछले साढ़े तीन साल इसके गवाह हैं।
राहुल ने कांग्रेस को भारतीय फर्जी न्यूज कांग्रेस बना दिया
भाजपा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा कि जिस पूर्व सैनिक के चित्र को राहुल गांधी ने नोटबंदी की आलोचना करने के संदर्भ में जारी किया था, उसने सार्वजनिक रूप से नोटबंदी का समर्थन किया है। भाजपा ने दावा किया कि राहुल गांधी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को भारतीय फर्जी न्यूज कांग्रेस में तब्दील कर दिया है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी का एक पूर्व सैनिक के चित्र का इस तरह अपनी गलत सोच के लिए इस्तेमाल करना अनुचित है। उन्होंने इस संदर्भ में नंदलाल की टिप्पणी का भी उल्लेख किया जिन्होंने एक साक्षात्कार में नोटबंदी का पक्ष लिया था।
नोटबंदी पर देश की जनता हमारे साथ : सुरेश प्रभु
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने नोटबंदी को साफ सुथरी अर्थव्यवस्था की ओर एक मजबूत और दूरगामी कदम बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर देश की जनता सरकार के साथ है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने तमाम प्रयासों से नया भारत बनाने के काम में लगी है। नोटबंदी को एक साल पूरा होने पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से मनाए जा रहे कालाधन विरोध दिवस के मौके पर प्रभु जयपुर में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने नोटबंदी के निर्णय को ऐतिहासिक फैसला बताते हुए कहा कि आम लोगों को इसका फायदा मिला है। आतंकवाद, नस्लवाद पर अकुंश लगा है, आम लोगों को सस्ता ऋण, सस्ते मकान मिलने लगे है। आने वाले समय में ऋण, मकान और सस्ते होंगे। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के निर्णय से आने वाले समय में आर्थिक ढाचे में मजबूती आएगी जिसका फायदा आम लोगों, किसानों, महिलाओं को मिलेगा। कालाधन जमा करने वालों की कमर टूटेगी।
नोटबंदी भारत विरोधी बलों को झटका : पर्रिकर
पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने बुधवार को कहा कि नोटबंदी ने भारत विरोधी बलों को झटका दिया है और वित्तीय समावेशिता एवं अर्थव्यवस्थता के संगठित विकास के जरिये गरीब से गरीब को भी सशक्त बनाया। गोवा के मुख्यमंत्री पर्रिकर ने नोटबंदी की प्रशंसा करते हुए ट्विटर पर कहा, वित्तीय समावेशिता एवं हमारी अर्थव्यवस्था के संगठित विकास के जरिये नोटबंदी ने गरीब से गरीब को सशक्त बनाया है।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, आतंकवाद और नक्सलवाद बेहिसाब नकदी एवं कालेधन के बल पर फलते फूलते हैं। नोटबंदी ने भारत विरोधी बलों को झटका दिया है।