हिमाचल में प्रधानमंत्री ने की 5 M से मुक्ति की बात, बोले- कांग्रेस बनी हंसी का पात्र
सत्ता विमर्श ब्यूरो
कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 की वोटिंग का दिन करीब आते ही यहां राजनीतिक दिग्गजों की हलचलें तेज हो गईं हैं। भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक और देश के प्रधानमंत्री प्रचार के लिए गुरुवार को यहां थे। कांगड़ा जिले में फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के रेहान से उन्होंने रैली का आगाज किया। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने निर्वतमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस सरकार की जमकर मज़म्मत की। उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र पर निशाना साधा और कहा कि अपनी हरकतों से कांग्रेस लोगों के मजाक का पात्र बन गई है।
प्रधानमंत्री ने लोगों को अपने प्रत्याशियों का परिचय दिया और कहा कि 9 तारीख को बटन दबाकर लोग अपनी पसंद की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन्होंने हिमाचल को लूटा है उनकी बिदाई का समय आ गया है। कहा- जब लोग 9 तारीख को बटन दबाएं पंडित रामसिंह पठानिया के बलिदान को याद रखिएगा। जब राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी तब राज्य का भाग्य भी बदलेगा। इतनी बड़ी तादाद में लोग आए हैं इसका मतलब लोग हमें आशीर्वाद देने के लिए आए हैं।
पांच M से मुक्ति जरूरी
पीएम ने पांच M का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस सरकार में पनपे इन राक्षसों से निपटने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा देव जब भी को भी शुभ काम करते थे राक्षस उसमें विघ्न डाला था और हारते भी थे। पुराण काल में भी यह नहीं सुना था कि राक्षस को पैदा करने का काम शासन में बैठे लोगों ने किया हो...पांच राक्षसों को पनपने का मौका हिमाचल की वर्तमान सरकार ने दिया है। ये पांच राक्षस इतने ताकतवर हो गए हैं कि शिमला में बैठी सरकार को अपने इशारों पर नचा रहे हैं। सरकार को भी वहीं से रक्षा मिल रही है। पीएम ने कहा कि देवभूमि हिमाचल को दानवों से मुक्त करना है। ये पांच M हैं- माइनिंग माफिया, फॉरेस्ट माफिया, ड्रग माफिया, टेन्डर माफिया और ट्रांसफर माफिया।
कांग्रेस करे आत्ममंथन
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को आत्ममंथन करने का सुझाव भी दिया। कहा की उसे समझना होगा कि धीरे-धीरे वो क्यों लोगों की हंसी का पात्र बनती जा रही है क्यों उससे पूरे देश के लोग दूर हो रहें हैं। राज्य का मुख्यमंत्री बेल पर है और ये भ्रष्टाचार मुक्त राज्य की बात करते हैं। इस पुरानी पार्टी के लिए स्वच्छता अभियान का मतलब खजाने की सफाई से जुड़ा है।