भारतीयों को अपनी सरकार पर सबसे ज्यादा विश्वास, सर्वे में खुलासा
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली: चाहें आम भारतीय अपनी व्यवस्था को कितना भी गरियाता हो लेकिन जब बात सरकार की आती है तो आज की तारिख में दुनिया के 15 मुल्कों के मुकाबले हम भारतीय अपनी सरकार पर काफी भरोसा रखते हैं। ऐसा एक सर्वे से स्पष्ट हुआ है। सर्वे साफ बताता है कि अपनी सरकार द्वारा उठाये गए कदमों, देश के विकास के लिए हो रही कोशिशों और जनसेवा के क्षेत्र में हो रहे कार्यों से भारतीय संतुष्ट हैं। वो भी 73 फीसदी! रिपोर्ट फोर्ब्स ने छापी है।
ऑर्गनाइजेशन फॉर इकनॉमिक कोऑपरेशन ऐंड डिवलपमेंट (OECD) की 'गवर्नमेंट ऐट अ ग्लांस' रिपोर्ट के ताजा संस्करण के मुताबिक विभिन्न देशों में सरकार के प्रति भरोसा काफी अलग-अलग है। रिपोर्ट में दी गई सूची में भारत को सरकार पर भरोसे के मामले में पहले पायदान पर रखा गया है, जबकि अंतिम स्थान ग्रीस को दिया गया है। लिस्ट के मुताबिक भारत में सबसे अधिक 73 फीसदी लोगों को अपनी सरकार पर भरोसा है, जबकि कनाडा 62 पर्सेंट लोगों के भरोसे के साथ दूसरे स्थान पर है। सूची में कुल 15 देश शामिल किए गए हैं।
इस रैंकिंग में तुर्की और रूस को संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रखा गया है, जहां 58 प्रतिशत लोगों को अपनी सरकार पर भरोसा है। यूरोपीय देश जर्मनी में 55 और दक्षिण अफ्रीका में 48 फीसदी लोगों ने अपनी सरकार पर भरोसा जताया है। 45 पर्सेंट लोगों के विश्वास के साथ ऑस्ट्रेलिया 7वें और 41 फीसदी के साथ ब्रिटेन 8वें पायदान पर है। जापान में 36 फीसदी लोग अपनी सरकार पर पूरा भरोसा करते हैं।
सबसे दिलचस्प तथ्य यह है कि दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र कहलाने वाले अमेरिका को इस सूची में 10वें नंबर पर रखा गया है। यहां सिर्फ 30 फीसदी लोगों को अपनी सरकार पर भरोसा है। इसके बाद स्पेन को 11वीं और फ्रांस को 12वीं रैंकिंग की दी गई है। ब्राजील, साउथ कोरिया और ग्रीस को क्रमश: 13वें. 14वें और 15वें स्थान पर रखा गया है। ग्रीस में सिर्फ 13 फीसदी लोगों को ही अपनी सरकार पर भरोसा है।
अमेरिका में फेक न्यूज, स्कैंडल्स और रूस द्वारा वाइट हाउस की जासूसी जैसे मामलों के चलते लोगों का सरकार पर भरोसा डिगा है। यहां सिर्फ 30 पर्सेंट लोगों को सरकार पर ऐतबार है। उधर यूरोपियन यूनियन से अलग होने की कवायद में जुटे ब्रिटेन की सरकार पर भी 41 फीसदी लोग ही भरोसा रखते हैं।