बिहार में लोकसभा की 6 सीटों पर लड़ेगी रामविलास की लोजपा, भाजपा-जेडीयू के हिस्से 17-17 सीट
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को घोषणा की कि बिहार में 2019 के लोकसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) छह सीटों पर, जबकि भाजपा और जनता दल यूनाइटेड(जेडीयू) 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। भाजपा और जेडीयू ने लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान को राज्यसभा की एक सीट देने पर भी सहमति जताई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राम विलास पासवान के साथ घंटे भर चली बैठक के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित ने सीट बंटवारे की मीडिया को जानकारी दी।
शाह ने संवाददाताओं को बताया कि जितना जल्दी हो सके, रामविलास पासवान को राज्यसभा भेजा जाएगा। शाह ने कहा कि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पिछली बार से अधिक यानी 31 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगा और इसके साथ ही उन्होंने पूर्ण विश्वास जताया कि यह गठबंधन 2019 में फिर से सत्ता में आयेगा। बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीट है। इस समझौते से लोजपा को फायदा पहुंचा है। पार्टी को कम सीटें मिलने के कयास लगाये जा रहे थे, लेकिन गठबंधन से उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्त्व वाली रालोसपा के निकलने के बाद मौके का फायदा उठाते हुए लोजपा अपने तीखे तेवर से भाजपा के साथ बेहतर सौदा करने में कामयाब रही, जिसके चलते उन्हें छह सीट मिल गयी।
नीतीश कुमार भी भगवा पार्टी को अपनी महत्ता समझाने में कामयाब रहे, जिसका नतीजा यह हुआ कि बिहार में अब उनको भाजपा के बराबर खड़ा होने का मौका मिल गया है। उनकी झोली में कुछ वे सीटें भी आ गयी हैं जिसपर 2014 में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। भाजपा को अब जीती हुई अपनी 22 सीटों में से कम-से-कम पांच सीटों को जेडीयू के लिए छोड़ना पड़ेगा। जेडीयू ने 2014 में अकेले चुनाव लड़ा था और सिर्फ दो सीटों पर ही जीत मिल पायी थी, जबकि लोजपा ने छह सीट अपने नाम की थी। शाह ने कहा कि गठबंधन में शामिल सभी दल जल्द ही लोकसभा क्षेत्रों के बंटवारे पर निर्णय लेंगे। यहां से पार्टियां 2019 में लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों को उतारेगी।
इस मौके पर राम विलास पासवान ने कहा कि गठबंधन में कभी कोई समस्या नहीं थी। वे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पांच सालों से राजग के पेड़ को सींच रहे हैं व उसको मजबूत बनाया है। देश में फिर से मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। दलित नेता ने अपनी पार्टी और भाजपा के बीच समझौता कराने में अहम भूमिका निभाने वाले केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का भी धन्यवाद किया। सीट बंटवारे से खुश नजर आने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि 2009 में जब परिणाम राजग के खिलाफ थे तब भी बिहार में राजग को 40 में से 32 सीटें मिली थी। उन्होंने कहा, इस बार तो हम उससे भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।