मप्र और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस-बसपा गठबंधन पर राहुल ने लगाई मुहर!
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनावी राज्य मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन पर मुहर लगा दी है। इसी साल के अंत में इन दोनों राज्यों में चुनाव होने है। हालांकि गठबंधन के फैसले की कोई आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को चुनावी राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को हराने के लिए चुनावी गंठबंधन की संभावनाओं पर प्रमुख नेताओं के साथ चर्चा भी की। इसी बैठक में मध्य प्रदेश और छत्तीसढ़ में बसपा से गठबंधन को लेकर हामी भरी गई है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया ने कहा, राज्य में बसपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने को लेकर चल रही बातचीत संतोषजनक तरीके से आगे बढ़ रही है। सीट बंटवारा फार्मूले का मुद्दा गोपनीय है। हम अभी मीडिया से इस बात का जिक्र नहीं करेंगे। जब फैसला हो जाएगा तो इसके बारे में जानकारी दी जाएगी।
पार्टी संगठन बसपा के साथ मध्य प्रदेश में जहां गठबंधन के पक्ष में है वहीं राजस्थान की प्रदेश इकाई इसके पक्ष में नहीं है। बसपा के साथ गठबंधन की संभावना पर राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा, हम राजस्थान में सभी सीटों पर भाजपा को हराने में सक्षम हैं। किसी भी विशेष पार्टी के साथ गठबंधन की कोई बात नहीं हुई है। राहुल गांधी के साथ हमारी बैठक में हमने उन्हें परिस्थितियों का हवाला दिया है जिसके तहत चुनाव होंगे।
मालूम हो कि मध्य प्रदेश में 2013 के विधानसभा चुनाव में बसपा ने चार सीटें जीती थी। इसके साथ ही तकरीबन एक दर्जन सीटों पर दूसरे स्थान पर थी। बसपा की इसी ताकत को देखते हुए कांग्रेस उसके साथ गठबंधन करने को लेकर संजीदा दिख रही है।