महाराष्ट्र: सरकार से नाराज यशवंत सिन्हा ने पकड़ी धरने की राह, बोले किसान करेंगे अब सर्जिकल स्ट्राइक
सत्ता विमर्श ब्यूरो
सोलापुर: महाराष्ट्र के अकोला में 250 किसानों के साथ भारतीय जनता पार्टी के बागी नेता यशवंत सिन्हा धरने पर बैठे हैं। इस दौरान उन्हें हिरासत में लेकर बार-बार छोड़ा गया लेकिन अड़ियल सिन्हा ने अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन नहीं रोका। सिन्हा अकोला में किसानों की मांगों को लेकर उनके साथ प्रदर्शन कर रहे थे। इस बीच ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल ने सिन्हा का समर्थन किया है।
सिन्हा सोमवार को अकोला में जिला कलक्टर को किसानों की मांगों को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे। जिला कलक्टर ने उन्हें किसानों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन भी दिया लेकिन यशवंत सिन्हा तत्काल एक्शन लिए जाने की मांग को लेकर कलक्टर दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए
हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने यशवंत सिन्हा को 250 किसानों के साथ हिरासत में ले लिया। अकोला के पुलिस अधीक्षक राकेश कालासागर ने कहा कि हमने बंबई पुलिस कानून की धारा 68 के प्रावधानों के तहत जिला कलक्ट्रेट के बाहर करीब 250 किसानों के साथ यशवंत सिन्हा को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों को अकोला जिला पुलिस मुख्यालय मैदान ले जाया गया था।
हिरासत से छूटने के बाद फिर धरने पर बैठे सिन्हा पुलिस ने यशवंत सिन्हा को हिरासत में लेने के कुछ ही देर बाद छोड़ दिया लेकिन वो वापस आकर धरने पर बैठ गए। किसानों के साथ सिन्हा पिछले 24 घंटे से धरने पर बैठे हैं।
यशवंत सिन्हा ने रविवार को अकोला में किसानों के एक कार्यक्रम को संबोधित किया था। सिन्हा ने इस कार्यक्रम में किसानों के साथ किए गए वादों को पूरा न करने के लिए सरकार को लताड़ भी लगाई थी। सिन्हा ने कहा, सत्ता में आने से पहले भाजपा ने किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने का वादा किया था लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अपने वादे भूल गई। दरअसल, विदर्भ क्षेत्र में फसल की बर्बादी से आहत कई किसानों ने आत्महत्या कर ली थी। सत्ता में आने से पहले भाजपा ने इन्हीं को आश्वासन दिया था।
वहीं भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र राज्य के प्रवक्ता गणेश हाके ने इसे यशवंत का लाइमलाइट में आने की कोशिश करार दिया था। उन्होंने कहा था कि सिन्हा मीडिया में सुर्खियां बटोरना चाहते हैं...उनका अपनी ओर जानबूझकर ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। क्योंकि वो जानते हैं कि राज्य और केन्द्र सरकार ने फसल उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की बेहतरी के लिए कई योजनाओं पर अमल किया है। हाके ने राज्य सरकार द्वारा संचालित जययुक्ता शिविर योजना का भी जिक्र किया था।
किसानों की मांगों पर धरना कर रहे यशवंत सिन्हा को दो राज्यों को मुख्यमंत्रियों और बीजेपी से अक्सर बगावत करने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने अपना समर्थन दिया है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर सिन्हा का समर्थन किया है।