रामदेव का दावा; विदेशों में नरेंद्र मोदी जैसा सम्मान देश के किसी और PM को नहीं मिला
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : योग गुरु बाबा रामदेव ने इस बात का दावा किया है कि एक राष्ट्राध्यक्ष के रूप में विदेशों में जितना सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला है उतना सम्मान देश के किसी और पीएम को नहीं मिला है। रामदेव ने पीएम मोदी को राष्ट्र ऋषि की संज्ञा देते हुए उनके नेतृत्व में भाजपा को 2019 के चुनाव के लिए शुभकामनाएं भी दी।
पार्टी के 'संपर्क फॉर समर्थन' अभियान के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और संगठन महासचिव रामलाल ने सोमवार को रामदेव से मुलाकात की। रामदेव ने मीडिया के समक्ष मोदी सरकार की चार बड़ी उपलब्धियां गिनाईं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में रामदेव ने कहा कि मोदी के रूप में भारत को एक देशभक्त नेतृत्व मिला। मोदी सरकार ने दुनिया में इंटरनेशनल योगा-डे को मान्यता दिलाकर भारत का गौरव बढ़ाया और स्वाभिमान लौटाया।
दूसरी उपलब्धि गिनाते हुए रामदेव ने कहा कि मोदी सरकार ने भारत में सड़कों का जाल बिछाया। मोदी के नेतृत्व में नितिन गडकरी ने बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के काम किया और यह सबको दिखता है। रामदेव ने कहा कि मोदी सरकार की तीसरी सबसे बड़ी उपलब्धि एक देश एक टैक्स रही। रामदेव ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान हमने टैक्स आतंक के खिलाफ और पारदर्शी व्यवस्था के लिए देशभर में आंदोलन चलाया था।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जीएसटी लाकर टैक्स के आतंक से देश को मुक्ति दिलाई। रामदेव ने कहा कि लोगों को थोड़ा कष्ट जरूर सहना पड़ा लेकिन यह देश की अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने वाला आर्थिक सुधार था। रामदेव ने कहा कि मोदी सरकार ने 16000 से अधिक गांवों में एलपीजी, बिजली, शौचालय इत्यादि सारी व्यवस्था पहुंचाई है। अगस्त तक ये सुविधाएं 68000 गांवों तक पहुंचाई जाएंगी। पांच साल पूरा होने तक एक लाख से अधिक गांवों को स्वावलंबी बनाया जाएगा।
रामदेव ने मोदी सरकार की उज्ज्वला योजना का भी जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने अपनी मां का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे मोदी सरकार ने करोड़ों महिलाओं की जिंदगी संवारी। रामदेव ने बताया कि उनकी मां गोबर के उपलों पर खाना बनाती थी। बचपन में उन्होंने अनगिनत बार अपनी मां की आंखों में आंसू देखे। रामदेव ने कहा कि धुएं की वजह से उनकी मां की आंखें कमजोर हो गईं। योग गुरु ने कहा कि ऐसी करोड़ों माताओं की आंखों के आंसू मोदी ने पोछे हैं।
रामदेव ने मोदी और अमित शाह की तारीफ करते हुए कहा कि ये दोनों देश को आगे ले जाने के लिए 18-18 घंटे काम करते हैं। एक भारतीय होने के नाते गौरव होता है कि आजादी के 70 सालों बाद ऐसा पीएम भारत को मिला जिसका दुनिया के ताकतवर राष्ट्राध्यक्ष सम्मान करते हैं। ट्रंप हों या पुतिन या दुनिया कोई भी ताकतवर देश, सभी मोदी का सम्मान करते हैं। इतना सम्मान देश के किसी और पीएम को नहीं मिला।
रामदेव के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि जिन लोगों ने मोदी सरकार को बनाने में समर्थन दिया है, उन्हें हम सरकार के कामों का हिसाब दे रहे हैं। देश इसी गति से आगे बढ़े इसलिए आने वाले समय में हम उनसे समर्थन भी मांग रहे हैं। शाह के मुताबिक, पार्टी ने 'संपर्क फॉर समर्थन' अभियान के तहत देश के चुने हुए एक लाख प्रतिष्ठित नागरिकों से मिलने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि बाकी करोड़ों परिवार से पार्टी के कार्यकर्ता भी मिल रहे हैं।