विकीपीडिया ने नेहरू के दादा को बनाया मुस्लिम!
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के विकीपीडिया पेज से 'छेड़छाड़' का मामला सामने आया है, जिसमें उनके दादा को मुसलमान बता दिया गया। हालांकि अब इस तरह की जानकारियों को विकीपीडिया ने हटा दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि ये छेड़छाड़ कथित तौर पर केंद्र सरकार के एक आईपी एड्रेस से की गई है।
मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक विकीपीडिया में जानकारी जोड़ने या उन्हें संपादित करने वाले सॉफ़्टवेयर से पता चला है कि पंडित जवाहर लाल नेहरू के पेज में छेड़छाड़ 26 जून 2015 को की गई थी। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, 'जवाहरलाल नेहरू और मोतीलाल नेहरू के पेजों में छेड़छाड़ की कोशिश की गई।'
उन्होंने कहा, 'इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि वो मुसलमान थे या हिंदू, वो एक महान भारतीय थे। लेकिन सरकार को इस मामले की पूरी जांच करानी चाहिए।' उनका दावा है कि ये छेड़छाड़ सरकार को सॉफ़्टवेयर मुहैया कराने वाली संस्था नेशनल इंफोर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) से हुई है।
छेड़छाड़ के तहत जोड़ी गई जानकारी में कहा गया है कि नेहरू के दादा गंगाधर का नाम ग्यासुद्दीन गाजी था लेकिन अंग्रेज सरकार के शिकंजे से बचने के लिए उन्होंने हिंदू नाम गंगाधर अपना लिया। नेहरू के पेज में अंतिम वायसरॉय लॉर्ड माउंडबेटन की पत्नी से उनके 'अंतरंग' संबंधों का भी जिक्र किया गया था।