पथराव पर बोले राहुल ; प्रधानमंत्री मोदी और BJP-RSS की राजनीति का यही रास्ता है
सत्ता विमर्श ब्यूरो
अहमदाबाद/नई दिल्ली : गुजरात के बाढ़ग्रस्त इलाके के दौरे पर शुक्रवार को बनासकांठा गए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कार पर पथराव के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। अहमदाबाद समेत कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी ने इसे आरएसएस और भाजपा की साजिश बताया है। राहुल गांधी ने हमले के लिए सीधे-सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, भाजपा ने राहुल गांधी को घेरते हुए पूछा है कि उन्होंने दौरे पर बुलेटप्रूफ गाड़ी में जाने से इनकार क्यों किया? उधर, भाजपा के सियासी झटके झेल रहे यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी राहुल गांधी के समर्थन में आ गए हैं।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को घेरा
राहुल गांधी ने पथराव की घटना के पीछे पीएम मोदी और भाजपा का हाथ बताया है। शनिवार को उन्होंने कहा, 'कल की घटना में भाजपा के एक कार्यकर्ता ने मेरी ओर इतना बड़ा पत्थर फेंका, जो मेरे गार्ड को जाकर लग गया। मोदी जी और भाजपा-आरएसएस की राजनीति का यही तरीका है, क्या कह सकते हैं?' इस मामले में पीएम मोदी की ओर से प्रतिक्रिया न देने पर राहुल ने कहा, 'जिसने यह काम किया है, वह खुद ही इसकी निंदा कैसे कर सकता है?' बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पथराव की घटना को लेकर कई ट्वीट किए थे। उन्होंने लिखा था, 'नरेंद्र मोदी जी के नारों से, काले झंडों और पत्थरों से हम पीछे हटने वाले नहीं हैं, हम अपनी पूरी ताकत लोगों की मदद करने में लगाएंगे।'
पथराव मामले में भाजपा नेता गिरफ्तार
गुजरात में बाढ़ प्रभावित बनासकांठा जिले के दौरे पर गए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कार पर शुक्रवार को हुई पत्थरबाजी में भाजपा के एक स्थानीय नेता को गिरफ्तार किया गया है। जयेश दर्जी भाजपा युवा शाखा की पालनपुर इकाई का महासचिव है। पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में तीन अन्य लोगों के भी नाम हैं। इनमें से एक धनेरा एग्रीकल्चर प्रोडक्ट मार्केट कमेटी (एपीएमसी) के अध्यक्ष भगवानभाई पटेल हैं। धनेरा में एपीएमसी बाजार परिसर से ही राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की लहर शुरू हुई थी। पुलिस इससे पहले गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया और अन्य की शिकायत दर्ज करने से शुक्रवार को रातभर इनकार करती रही। जिला पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के बाद एफआईआर दर्ज की गई।
'यूपी में बंदूकबाज, गुजरात में पत्थरबाज'
कांग्रेस ने भाजपा को इस मुद्दे पर घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने शनिवार को कहा, 'यह पूर्व नियोजित साजिश है। यह भाजपा, आरएसएस द्वारा जानलेवा हमला है।' उन्होंने कहा कि भाजपा का शुरुआत से यही रवैया रहा है। उन्होंने कहा, '1947 से अभी तक भाजपा यही करती रही है। गोडसे से लेकर अब तक ऐसा ही होता रहा है।' वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 'यूपी में बंदूकबाज तो गुजरात में पत्थरबाज हैं।' तीन सपा एमएलसी के भाजपा में चले जाने पर अखिलेश ने कहा, 'आम तोड़ने का सीजन चला गया तो भाजपा वाले हमारे एमएलसी तोड़ रहे हैं।'