राहुल गांधी ने माना; कश्मीर में हिंसा से भाजपा, RSS को फायदा
सत्ता विमर्श ब्यूरो
बस्तर/जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के दौरे पर बस्तर पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर भाजपा और आरएसएस पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर में हिंसा होने से पाकिस्तान और चीन को तो फायदा हो ही रहा है। लेकिन सबसे अहम बात यह है कि इससे सबसे ज्यादा फायदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) को हो रहा है। जगदलपुर में एक कार्यक्रम में राहुल ने यह भी कहा कि मोदी सरकार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह का भ्रष्टाचार नहीं दिखता।
बस्तर में शनिवार को छात्र संगठन एनएसयूआई की ओर से आयोजित कार्यक्रम आमचो हक आदिवासी छात्र संवाद के दौरान राहुल ने वहां मौजूद छात्रों से पूछा कि घर में लड़ाई होती है तो फायदा किसको होता है? छात्रों ने जवाब दिया पड़ोसी को। इस पर राहुल ने कहा कि ठीक यही काम जम्मू-कश्मीर में हो रहा है। वहां आतंकवाद चरम पर है और कश्मीर हिंसा की चपेट में है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, जब से मोदी सरकार आई है, वहां अशांति फैली हुई है। केंद्र में भी भाजपा सरकार और कश्मीर में भी भाजपा सरकार। बावजूद इसके कश्मीर के भीतर घाटी लाल और बेहाल है। कश्मीर में सेना और कश्मीरवासियों को लड़ाकर मोदी सरकार राजनीतिक फायदा उठाने में जुटी है। राहुल ने कहा, जब तक कांग्रेसनीत संप्रग सरकार थी तब तक कश्मीर में शांति थी, देश में कही भी अशांति का माहौल नहीं था। लेकिन, मोदी सरकार के आने के बाद से कश्मीर सहित असम, तमिलनाडु, केरल और कई राज्यों में अशांति फैलती जा रही है। मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र में किसान जल-मर रहे हैं। भाजपा और आरएसएस को इसी हिंसा से फायदा होता है. उनका काम ही है माहौल बिगाड़ते रहना।
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक अन्य सभा को संबोधित करते राहुल गांधी ने हुए कहा कि मोदी जी भ्रष्टाचार पर बड़े-बड़े भाषण देते हैं, लेकिन उन्हें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का भ्रष्टाचार नहीं दिखता। पनामा पेपर्स में नाम आने के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने इस्तीफा दे दिया। इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और उनके परिवार का भी नाम है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने नोटबंदी, किसानों, मजदूरों, आदिवासियों और जीएसटी को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज भाजपा ने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तर-पूर्वी राज्यों में आग लगा दी है। महिलाओं को मारा जाता है, बलात्कार होता है, पर मोदीजी एक शब्द नहीं कहते। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर बहुत अत्याचार किया गया है, अब सब एक होकर भाजपा से लड़ेंगे।
दो दिन के छत्तीसगढ़ प्रवास पर बस्तर पहुंचे राहुल गांधी ने भाजपा पर सीधा हमला किया। कांग्रेस की एक कार्यशाला में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है, उसने छत्तीसगढ़ में एक के बाद एक कई घोटाले किए। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, 'आदिवासियों को बांटकर उनका नेतृत्व खत्म कर दिया। व्यापारियों को खत्म किया और दलितों को मारा। राहुल ने यह भी कहा कि भाजपा कितना भी झूठ बोले, लेकिन जीत सच बोलने वाले की होती है। उन्होंने कांग्रेसियों को सच्चाई की सेना बताया।
छत्तीसगढ़ में भाजपा के 13 वर्ष के शासन पर कांग्रेस ने 'जन अधिकार सभा' का आयोजन किया था। इस दौरान जगदलपुर पहुंचे राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं कई प्रतिनिधियों और किसनों से मुलाकात की। राज्य में 2018 में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस अभी से चुनावी तैयारियों में जुट गई है। इसी सिलसिले में राहुल गांधी ने दो दिनों तक बस्तर में पार्टी कार्यकर्ताओं को ना केवल चुनावी तैयारी में जुटने का सन्देश दिया बल्कि बस्तर में विकास का जायजा भी लिया।