ओछी राजनीति; सरकार ने कांग्रेस अध्यक्ष को किया डिमोट, गणतंत्र दिवस समारोह में राहुल की सीट चौथी पंक्ति में
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : मोदी सरकार ने अपने ओछेपन का परिचय देते हुए गणतंत्र दिवस समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पहली पंक्ति में जगह नहीं दी है। इस बार उनको चौथी पंक्ति में बैठने की जगह दी गई है। इससे कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। इससे पहले कांग्रेस सत्ता में रही हो या सत्ता से बाहर, हमेशा कांग्रेस अध्यक्ष को पहली पंक्ति में जगह मिलती रही है। लेकिन इस बार अगर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होते हैं तो उन्हें चौथी पंक्ति में बैठना होगा।
राहुल गांधी को पहली पंक्ति में जगह नहीं दिए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा गुस्सा है। इससे खफा कांग्रेस ने मोदी सरकार पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा कि अगर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को पहली पंक्ति पर जगह मिल सकती है तो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को क्यों नहीं?
पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस के प्रमुख हैं और अभी तक विपक्षी दल के प्रमुख को पहली पंक्ति की ही सीट मिलती रही है। मोदी सरकार सस्ती और ओछी राजनीति कर रही है। यह भाजपा सरकार का तरीका है। वे लोग आसियान नेता और भारत के लोगों के सामने कांग्रेस पार्टी और इसके अध्यक्ष को नीचा दिखाना चाहते हैं। वह यह बताना चाहते हैं कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की देश में कोई अहमियत नहीं रह गई है।