राहुल गांधी की मेजबानी में कांग्रेस की इफ्तार पार्टी 13 को, विपक्षी दलों को जुटाने की कोशिशें तेज
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 13 जून को इफ्तार पार्टी का आयोजन करने जा रहे हैं। दो साल के अंतराल के बाद आयोजित होने वाली इस इफ्तार पार्टी को काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों में कितनी एकजुटता है इसका अहसास भी यह कराएगा।
पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग को इफ्तार के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। राहुल के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी की ओर से पहली बार इफ्तार का आयोजन किया जा रहा है। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष नदीम जावेद ने बताया, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मेजबानी में 13 जून को इफ्तार का आयोजन किया जाएगा। संभवत: यह आयोजन ताज पैलेस होटल में होगा।
कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन की सरकार बनने के बाद देश के अलग-अलग राज्यों में स्थानीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ गठबंधन बनाने की कोशिश चल रही है। वहीं, 2019 लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रव्यापी स्तर पर एनडीए के खिलाफ महागठबंधन बनाने की कवायद तेज हो गई है। कांग्रेस के साथ पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के सीएम और यूपी में मायावती और अखिलेश यादव भी महागठबंधन की कवायद में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष रहने के दौरान सोनिया गांधी ने 2015 में इफ्तार का आयोजन किया था। कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से इफ्तार का आयोजन उस वक्त किया जा रहा है जब राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में होने वाली इफ्तार पार्टी का आयोजन नहीं करने का फैसला किया है। उनका मानना है कि करदाताओं के पैसों से भवन में किसी भी धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा। बता दें कि 11 साल बाद यह पहला मौका होगा जब राष्ट्रपति भवन में इफ्तार पार्टी का आयोजन नहीं होगा। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के कार्यकाल (2002-2007) में इफ्तार पार्टी का आयोजन नहीं होता था।