राहुल ने छोड़ा ट्वीट बम; बंद करो खोखला भाषण, दाम बांधो, काम दो, वर्ना खाली करो सिंहासन
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली/अहमदाबाद : गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सभाएं करने के अलावा ट्विटर के सहारे भी हर दिन नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोल रहे हैं। राहुल गांधी ने रविवार को नरेंद्र मोदी सरकार से कहा कि उसे खोखला भाषण देना बंद करना चाहिए। साथ ही यदि वह मूल्यवृद्धि रोकने और लोगों को नौकरी देने में विफल रहती है तो उसे सत्ता छोड़ देनी चाहिए।
राहुल गांधी ने रविवार को ट्वीट कर कहा, 'महंगी गैस, महंगा राशन, बंद करो खोखला भाषण, दाम बांधो, काम दो वर्ना खाली करो सिंहासन।' राहुल ने इस ट्वीट के साथ एक खबर भी शेयर की, जिसमें रसोई गैस एवं अन्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से संबंधित समाचार है। गुजरात दौरे के समय राहुल ने लोगों, विशेषकर सोशल मीडिया का उपयोग करने वालों का ध्यान अपने ट्वीट के जरिये आकर्षित किया है। वे बढ़ते मूल्य, बेरोजगारी, नोटबंदी, जीएसटी, अर्थव्यवस्था की बुरी स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमला बोल रहे हैं।
इससे पहले शनिवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री व गुजरात के चुनाव प्रभारी अरुण जेटली ने अलग-अलग चुनावी कार्यक्रमों में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा वार किया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने किसानों की पीड़ा के बारे में बात करने को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा और दावा किया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष कुछ गैर सरकारी संगठनों की ओर से दी गई चिट पर निर्भर हैं। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी गुजरात के लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि वह विकास के मुद्दे पर चर्चा करे और विधानसभा चुनाव भी इसी मुद्दे पर लड़े।
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आरोप लगाया कि विकास का मजाक उड़ाकर कांग्रेस अजीबो-गरीब अभियान चला रही है और जातिवाद का जहर फैला रही है। कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे ‘विकास पागल हो गया है’ अभियान की तरफ इशारा करते हुए जेटली ने कहा, विकास गरीबी से लड़ता है, यह पिछड़ेपन से लड़ता है, लेकिन वे इसी का मजाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को जाति के आधार पर बांटने की कोशिश का खेल काफी खतरनाक है।