48 के हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, PM ने ट्विट कर दी बधाई
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 48 साल के हो गए हैं। उनको प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्विट के जरिए शुभकामनाएं दीं। पीएम ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की। अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद राहुल का ये पहला जन्मदिन है, इसलिए पार्टी के अंदर कार्यकर्ताओं में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय के बाहर गाजे बाजे के साथ अपने अध्यक्ष का जन्मदिन मनाया। सूत्रों के मुताबिक पार्टी शाम को बड़ा आयोजन करने वाली है।
Birthday greetings to Congress President Shri @RahulGandhi. I pray for his long and healthy life.
— Narendra Modi (@narendramodi) June 19, 2018
19 जून 1970 को जन्मे राहुल गांधी ने 2004 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा। अब वह पार्टी के अध्यक्ष हैं और पिछले कुछ दिनों में उन्होंने अपनी राजनीति को पूरी तरह से बदला है। राहुल गांधी ने अब आक्रामक रुप अपनाया है, वह सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हैं और सोशल मीडिया के जरिए भी वार करना नहीं भूलते। 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ा था, जिसको लेकर राहुल को भी लगातार घेरा जा रहा था। जहां पहले उन्हें बेबी और युवराज कह कर मजाक उड़ाया जाता था वहीं हाल के विपक्ष के आक्रमण से जाहिर हो गया है कि उन्हें गंभीरता से लिया जाने लगा है। वो खुद भी मुखर हो गए हैं। तभी तो उन्होंने हाल ही में बयान भी दिया कि 2019 में अगर कांग्रेस की अगुवाई में सरकार बनती है तो वो प्रधानमंत्री पद पर काबिज होने को तैयार हैं।
करीब 14 साल पहले राजनीति में आगाज करने से कांग्रेस अध्यक्ष बनने तक का सफर तय करते हुए राहुल बदले हैं। साथ ही उनकी सियासत का तरीका भी बदला है। राजनीति में आते ही राहुल कांग्रेस में लोकतंत्र को बढ़ावा देने की मुहिम चलाते दिखे। टीम राहुल अमेरिका और इंग्लैंड की तर्ज पर पार्टी के भीतर चुनाव कराने की वकालत करती नजर आई। बीते साल पार्टी का अध्यक्ष पद संभालने के बाद गुजरात और कर्नाटक चुनाव में जिस तरह पार्टी को उन्होंने लड़ाया और भारतीय जनता पार्टी को कड़ी टक्कर दी उसने कांग्रेस कार्यकर्ता में नई जान फूंकी। गुजरात में भले ही पार्टी को जीत नहीं मिली लेकिन कर्नाटक में भाजपा को आखिर मात दे ही दी। राहुल गांधी के सामने अब अगली बड़ी चुनौतियां मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। यहां तीनों ही जगह भारतीय जनता पार्टी लंबे समय से सत्ता में है ऐसे में कांग्रेस के पास वापसी का मौका है।
बीते दिनों में भाजपा के खिलाफ देश में माहौल भी बना है, कांग्रेस इसी का फायदा उठानी चाहेगी। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले अगर कांग्रेस इन राज्यों में जीतती है तो कांग्रेस के लिए ये बड़ी उपलब्धि होगी। अपनी इसी कवायद में जुटे राहुल गांधी ने खुद अगुवाई करते हुए एक एकजुट विपक्ष को तैयार करना भी शुरू कर दिया है।