स्थापना दिवस पर गरजे भाजपा के शाह, विपक्षी दलों को कहा- कुत्ता, बिल्ली, नेवला और चूहा
सत्ता विमर्श ब्यूरो
मुंबई : भारतीय जनता पार्टी अपना 38वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को मुंबई में एक बड़ी रैली को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने विपक्षी दलों की तुलना सांप-नेवला और कुत्ता-बिल्ली से की। उन्होंने कहा कि 2019 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। सारी पार्टियां नरेंद्र मोदी की बाढ़ से डरकर साथ चुनाव लड़ने की योजना बना रही हैं, ठीक उसी तरह से जैसे भारी बाढ़ के वक्त सभी जान बचाने के लिए एक जगह जमा हो जाते हैं। मालूम हो कि 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की शुरुआत की थी। इसके बाद 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई।
शाह ने कहा, हमारे पूर्वज कहते थे कि हम राजनीति में सत्ता के उपभोग के लिए नहीं हैं, हम राजनीति में सत्ता को साधन बनाने के लिए आए हैं। उसी रास्ते पर नरेंद्र मोदी सरकार चल रही है। 38 साल पहले अटल जी ने इसी मुंबई में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की थी। उन्होंने कहा था कि अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। आज पूरे देश में कमल खिला हुआ है। शाह ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में सबसे ज्यादा बलिदान भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिया। कार्यकर्ता ही भाजपा के मालिक हैं।
शाह ने कहा, एक समय में भाजपा के मात्र दो सांसद थे लेकिन आज भाजपा के 330 सांसद हैं और केन्द्र में राजग की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ है। आज लगभग 20 राज्यों में कमल खिल चुका है। पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में पार्टी को जीत हासिल करनी है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2019 में एनडीए की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनानी है। केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और महाराष्ट्र में देवेन्द्र फड़णवीस की सरकार पारदर्शिता के साथ बहुत अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और महाराष्ट्र में एनडीए सरकार के कार्यकाल में अभी तक भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है जबकि पूर्व की सरकारों के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई आरोप थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं के योगदान और बलिदान पर हमें गर्व है : मोदी
भारतीय जनता पार्टी के 38वें स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश को मजबूत बनाने में भाजपा कार्यकर्ताओं के योगदान एवं बलिदान पर हमें गर्व है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट में लिखा कि मैं भाजपा के स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं का नमन करता हूं। देश को बेहतर और मजबूत करने की दिशा में समर्पित व भाजपा को बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के त्याग और उनकी वीरता को हम गौरव से याद करते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए मोदी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि भाजपा के लिए उनके कार्यकर्ता ही सब-कुछ हैं। वे पार्टी की आत्मा और दिल हैं, जिनके पसीने की बदौलत पार्टी नई बुलंदियों पर पहुंची है। यह सिर्फ उनकी कोशिशों की वजह से ही संभव हो सका कि हमें भारत की जनता की सेवा और उनकी उम्मीदों को पूरा करने का सम्मान मिला। मोदी ने कहा कि वे भाजपा में विश्वास व्यक्त करने के लिये देश के लोगों को धन्यवाद देते हैं। यह हमारी प्रतिबद्धता है कि हम भारत में बदलाव लाने की दिशा में समर्पित होकर काम कर रहे हैं।
अमित शाह ने कहा, लोकसभा चुनाव के पहले सारा विपक्ष कह रहा है- एक साथ आओ-एक साथ आओ। मैंने कहीं एक कहावत सुनी थी कि जब कहीं तेज बाढ़ आती है और सारे पेड़-पौधे पानी में बह जाते हैं तो सिर्फ एक वट वृक्ष खड़ा रहता है। सांप, नेवला, कुत्ता, बिल्ली, शेर और चीता सब जान बचाने के लिए उसी पर चढ़ जाते हैं क्योंकि नीचे पानी का डर रहता है। इसी तरह मोदी की बाढ़ चल रही है और विपक्ष के नेता साथ आने के लिए कहने लगे हैं। आज मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार 20 से अधिक राज्यों में है। 2019 में एक बार फिर भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
शाह ने कहा कि हमारी पार्टी 10 सदस्यों से शुरू हुई थी। आज पार्टी के 11 करोड़ सदस्य हैं। पहले हमारे 2 लोकसभा सदस्य थे लेकिन आज अकेले दम पर बहुमत की सरकार चला रहे हैं। शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी भी राहुल बाबा, शरद पवार के साथ बैठते हैं। राहुल बाबा मोदी सरकार से साढ़े चार साल का हिसाब मांगते हैं लेकिन खुद की चार पीढ़ियों का हिसाब नहीं देते हैं। शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासन में किसान फसल के उचित दाम मांगते थक गए लेकिन कभी उन्हें हक नहीं मिला। भाजपा ने किसानों को डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने का वादा किया है। राहुल बाबा का समझ नहीं है कि सर्जिकल स्ट्राइक से देश को देखने का नजरिया बदला है।
शाह ने कहा कि आरक्षण को लेकर राहुल गांधी हमारे बारे में झूठ फैला रहे हैं। लेकिन शरद पवार और राहुल बाबा कान खोलकर सुन लें कि भाजपा ना कभी आरक्षण को हटाएगी और ना ही किसी को हटाने देगी। मुंबई में आयोजित इस रैली की शुरुआत में भाजपा के बड़े नेताओं के भाषण की वीडियो सुनाई गई जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, प्रमोद महाजन, गोपीनाथ मुंडे समेत कई नेताओं के भाषण शामिल थे। ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस रैली में करीब तीन लाख कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली को संबोधित करने के बाद अमित शाह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी किया।