नहीं रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री गुरुदास कामत, सोनिया और राहुल ने जताया शोक
सत्ता विमर्श ब्यूरो
मुंबई : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत का बुधवार को 63 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। कामत ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य रहे। वे मुंबई की दो अलग-अलग सीटों से पांच बार सांसद रहे। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अस्पताल पहुंच उनके अंतिम दर्शन किए।
कामत ने मुंबई के आरए पोदार कॉलेज से ग्रेजुएशन किया था। वे पेशे से वकील थे। 2009 से 2011 के बीच वे मनमोहन सिंह सरकार में गृह राज्यमंत्री और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री भी रहे। 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में कामत को हार का सामना करना पड़ा था। कामत को कांग्रेस ने गुजरात, राजस्थान, दादरा एवं नगर हवेली और दमन-दीव का प्रभार सौंपा था, लेकिन पार्टी से नाराजगी की वजह से 2017 में उन्होंने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने कामत के निधन पर शोक जताया।
कुछ इस तरह रहा कामत का राजनीतिक सफर
पेशे से वकील कामत ने मुंबई के आरए पोद्दार कॉलेज से स्नातक और सरकारी विधि कॉलेज से कानून की पढ़ाई की थी। कामत ने अपना राजनीतिक सफर 1972 में बतौर छात्र नेता के रूप में शुरू किया था। 1976 में कामत को एनएसयूआई का मुंबई अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जिसके बाद 1980 में महाराष्ट्र युवा कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया गया।1984 में उन्हें महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। 1987 में वे यूथ कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। 2003 से लेकर 2008 तक कामत मुंबई प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे। कामत 2009 में उत्तर-पश्चिम मुंबई संसदीय सीट से लोकसभा सदस्य चुने गए। इससे पहले वह 1984, 1991, 1998 और 2004 में भी उत्तर-पूर्व मुंबई संसदीय सीट से चुनकर लोकसभा पहुंचे थे। मनमोहन सिंह सरकार में 2009 से 2011 तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रहे और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत जी का औचक निधन से कांग्रेस परिवार के लिए बड़ा झटका है। गुरुदास जी ने मुंबई में कांग्रेस पार्टी को खड़ा करने में काफी मदद की और सभी उन्हें बहुत सम्मान और प्यार करते थे। मेरी संवेदनाएं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ है। उनकी आत्मा को शांति मिले। राहुल फिलहाल जर्मनी की यात्रा पर हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन पर दुख जताया। सुरजेवाला ने कहा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरुदास कामत जी के औचक निधन की खबर से दुख में हैं। इस क्षति को बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। उनके संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और अनुयायियों के साथ है। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।