मोदी सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह ने शाहीन बाग आंदोलन को कहा- सूइसाइड बॉम्बर का जत्था
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : मोदी सरकार में मंत्री और बेगूसराय से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने शाहीन बाग आंदोलन पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की राजधानी में ही देश के खिलाफ साजिश हो रही है। यह शाहीन बाग अब सिर्फ आंदोलन नहीं रह गया है ...यहां आत्मघाती हमलावरों का जत्था बनाया जा रहा है।
दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ एक महीने से अधिक वक्त से प्रदर्शन चल रहा है। इसी प्रदर्शन का एक कथित विडियो केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया है। इस वीडियो में प्रदर्शनकारी महिला यह कहते हुए नजर आ रही हैं कि हमें डराओ मत, हमारी शुरुआत सिर कटाने से होती है। वीडियो शेयर करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा है कि यह शाहीन बाग अब सिर्फ आंदोलन नहीं रह गया है, यहां सूइसाइड बॉम्बर का जत्था बनाया जा रहा है। देश की राजधानी में देश के खिलाफ साजिश हो रही है।
यह शाहीन बाग़ अब सिर्फ आंदोलन नही रह गया है ..यहाँ सूइसाइड बॉम्बर का जत्था बनाया जा रहा है।
देश की राजधानी में देश के खिलाफ साजिश हो रही है। pic.twitter.com/NoD98Zfwpx— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) February 6, 2020
वीडियो में एक महिला को यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'बता देना हम मुसलमानों ने लोरी नहीं सुनाई, अपने बच्चों को हमने ट्विंकल-ट्विंकल नहीं पढ़ाया। हमने अपने बच्चों को बचपन से करबला का वाकया सुनाया है।...करबला के नादाद में सिर्फ मर्दों ने नहीं बल्कि औरतों ने भी कुर्बानी दी थी...हमें डराओ मत, हमारी शुरुआत सिर कटाने से होती है।'
वीडियो में महिला ने यह भी कहा, 'इमाम-ए-हुसैन ने बता दिया था कि यह मत सोचना कि यजीद सिर्फ अभी है, यजीद कयामत तक आएगा और सुन लो मुसलमानों तुम्हें अपने बच्चों को हुसैन बनाकर पेश करना पड़ेगा...हिम्मत चाहिए तो करबला को याद करके बैठे रहना। तुम अगर नागरिकता सबको दे रहे हो तो हिंदुस्तान के मुसलमानों को भी नागरिकता दो। हम मोहताज नहीं है, हमें साबित करने की जरूरत नहीं है। करोड़ों की कमाई जो इंडिया में होती है हमारे पुरखों की बनाई इमारतों से होती है। ताजमहल देख लो, कुतुबमीनार देख लो, हमारे पुरखों ने बनवाई है।'