सोनिया ने भरी हुंकार, बोलीं- अपने प्रचार और झूठ से जी रही है मोदी सरकार, साक्ष्य की जरूरत नहीं
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर देश में भय का माहौल बनाने, लोकतांत्रिक परंपराओं को नुकसान पहुंचाने, समाज की बहुलवादी प्रकृति को खत्म करने का आरोप लगाया और कहा कि देश और देश के लोग इससे बेहद परेशान हैं। सोनिया ने कहा कि मोदी सरकार अपने प्रचार व झूठ से जी रही है। बीते रोज लोकसभा में प्रधानमंत्री के दिए गए भाषण के बाद अब और किसी साक्ष्य की जरूरत नहीं है
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार पर राजनीतिक फायदे के लिए समाज का ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया और कहा कि इसी तरह के प्रयास कर्नाटक में भी होंगे, जहां 2018 के अंत में चुनाव होने हैं। सोनिया गांधी ने यह हमला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक दिन पहले किए गए जोरदार हमले के बाद किया है। प्रधानमंत्री मोदी संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बुधवार को दोनों सदनों में कांग्रेस और उसकी पूर्व की सरकारों पर जमकर बरसे थे।
जब सोनिया बोलीं- राहुल गांधी मेरे भी बॉस
गुजरात विधानसभा चुनावों और राजस्थान उप चुनावों में हवा का रुख बदलता देख कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए समान सोच वाले दलों के साथ मिलकर काम करेगी। उन्होंने यह संभावना भी जताई कि लोकसभा चुनाव समय से पहले हो सकते हैं। उन्होंने कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस की सत्ता के बरकरार रहने के प्रति विश्वास जताया। कांग्रेस संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष के तौर पर मैं कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य साथियों के साथ काम कर समान सोच वाली अन्य पार्टियों के नेताओं से मंत्रणा करूंगी जिससे अगले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार सुनिश्चित हो सके और भारत लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष, सहिष्णु और आर्थिक प्रगति के मार्ग पर लौट सके। सोनिया ने कहा, हमने गुजरात में मुश्किल परिस्थितियों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। राजस्थान में हालिया उप चुनावों बड़ी जीत हासिल की। इससे पता चलता है कि बदलाव की हवा आ रही है। बहुत जल्द कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम भी कांग्रेस की वापसी को रेखांकित करेंगे। उन्होंने अपने बेटे राहुल गांधी को पार्टी प्रमुख की नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपना बॉस भी मानते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी के पुनरुत्थान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सोनिया ने उम्मीद जताई कि पार्टी के कार्यकर्ता और नेता राहुल गांधी के साथ भी उसी समर्पण भाव से काम करेंगे जैसे उनके 19 वर्ष लम्बे कार्यकाल के दौरान करते थे।
सोनिया ने कहा कि मोदी सरकार अपने प्रचार व झूठ से जी रही है। बीते रोज लोकसभा में प्रधानमंत्री के दिए गए भाषण के बाद अब और किसी साक्ष्य की जरूरत नहीं है। मोदी सरकार को 'मैक्सिमम मार्केटिंग, मिनिमम डिलिवरी' बताते हुए सोनिया ने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन जमीनी हकीकत से परे है और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की योजनाओं को ही फिर से लागू कर रहा है।
सोनिया गांधी ने भाजपा नीत एनडीए सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट पूरी तरह से जुमला है और पूछा कि वे राफेल लड़ाकू विमान सौदे के मूल्य का विवरण क्यों नहीं दे रहे हैं। जज बी.एच.लोया की मौत का जिक्र करते हुए सोनिया ने सरकार पर राजनीतिक रूप से संवेदनशील कानूनी मामलों पर संतोषजनक जांच की वाजिब मांग से दूर भागने व सही तरीके से जवाब नहीं देने का भी आरोप लगाया।
सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी सरकार के करीब चार सालों के शासनकाल में देश की लोकतंत्र की नींव रखने वाले संस्थानों पर क्रमबद्ध हमला किया गया जिसमें संसद, न्यायपालिका, मीडिया और नागरिक समाज शामिल हैं। राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ जांच एजेंसियों को ढील दी गई। भय व धमकी का एक व्यापक माहौल तैयार किया गया। उदारवादी, धर्मनिरपेक्ष व लोकतांत्रिक परंपराओं को मनमौजी तरीके से नुकसान पहुंचाया गया। हमारे समाज के बहुलतावादी प्रकृति को नष्ट किया जा रहा है, जो सदियों से हमारी ताकत रही है। अल्पसंख्यक, दलित व महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और इन पर चारों तरफ अत्याचार हो रहे हैं।
सोनिया ने कहा, हम यह उत्तर प्रदेश व गुजरात दोनों जगहों पर देख रहे हैं। हमें बिल्कुल भी संदेह नहीं है कि यह कर्नाटक में देखने को नहीं मिलेगा। इस तरह का ध्रुवीकरण लोकतंत्र में आपराधिक है, लेकिन सत्ता में मौजूद लोग फिर भी इसे दूसरे तरीके से देखते हैं। हम अपने चारों तरफ देश व लोगों को बेहद परेशान होते देख रहे हैं।