71 की हुईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को 71 साल की हो गईं। आधिकारिक आवास 10 जनपथ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से उनका जन्मदिन मनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। मोदी ने ट्वीट किया, कांग्रेस अध्यक्ष को जन्मदिन की बधाई...मैं उनके लिए अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करता हूं।
कांग्रेस पार्टी ने भी सोनिया को जन्मदिन की बधाई दी। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, करुणामयी, मेहनती, निस्वार्थ। शांत व शांतचित्त, फिर भी प्रतिष्ठित और मजबूत। सभी बाधाओं के खिलाफ सशक्तिकरण की मिसाल। आगे लिखा गया, एक मां, एक नेता, एक दोस्त। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई।
मालूम हो कि सोनिया गांधी का जन्म स्टेफनो मायनो और माओला मायनो के यहां 1946 में इटली के विसेन्जा के पास एक छोटे से गांव में हुआ था। विवाह से पहले उनका नाम सोनिया मायनो था। सोनिया ने 1968 में राजीव गांधी से विवाह किया। भारतीय नागरिकता लेने के बाद वह अपनी सास व तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ दिल्ली में रहने लगीं। राजीव गांधी की हत्या के सात साल बाद 1998 में वह कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष बनीं। वह तब से कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर आसीन हैं।
लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट करके सोनिया गांधी को बधाई दी और कहा कि समर्पण, त्याग, बलिदान व विषम परिस्थितियों में असीम साहस का परिचय देने वाली मैडम श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।