कांग्रेस के लवली चुनाव लड़ेंगे नहीं, लड़वाएंगे
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने इसकी घोषणा करते हुए कहा है कि आगामी चुनाव में लवली बतौर प्रदेश अध्यक्ष सभी को चुनाव लड़वाएंगे। उल्लेखनीय है कि पार्टी ने गांधीनगर विधानसभा सीट से उनकी उम्मीदवारी की घोषणा भी कर दी थी।
पिछले कुछ दिनों से लवली के चुनाव न लड़ने की अटकलें लगाई जा रहीं थी। यह बताया जा रहा था कि वे अजय माकन को चुनाव प्रचार अभियान समिति का अध्यक्ष बनाए जाने से सहज नहीं हैं। हालांकि, चर्चा यह भी थी कि गांधीनगर में इस बार उनके खिलाफ माहौल है। बहरहाल, अब साफ हो गया है कि लवली विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। माकन ने भी इन अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि जो इस प्रकार की अटकलें लगा रहे हैं, उन्हें शायद इस बात की जानकारी नहीं है कि वे लवली और हारून यूसुफ ऐसी टीम के सदस्य हैं जो पिछले एक दशक से साथ संघर्ष कर रहे हैं।
लवली का नाम कांग्रेस की पहली सूची में ही शामिल था। शीला सरकार में पूर्व मंत्री रहे लवली कांग्रेस के उन आठ उम्मीदवारों में शामिल थे, जिन्होंने दिसंबर 2013 के चुनाव में जीत दर्ज कराई थी। गांधीनगर सीट लवली का गढ़ रही है, इस सीट के लिए नए उम्मीदवार के नाम की घोषणा सोमवार को की जाएगी। कांग्रेस महासचिव अजय माकन के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीसी चाको ने इन बातों को खारिज किया कि लवली ने खुद चुनाव मैदान से बाहर रहने का फैसला किया है।
चाको ने कहा, 'यह लवली का फैसला नहीं है। यह पार्टी का फैसला है, पार्टी ने उन्हें निर्देश दिया है।' चाको ने कहा कि लवली से इस तथ्य के मद्देनजर चुनाव संबंधी काम देखने को कहा गया है क्योंकि प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के अतिरिक्त दिल्ली कांग्रेस में और कोई पदाधिकारी नहीं है। लवली को करीब 10 महीने पहले प्रदेश कांग्रेस का प्रमुख बनाया गया था, लेकिन देश में जल्द होने वाले संगठनात्मक चुनाव के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस समिति में कोई और नियुक्तियां नहीं की गई हैं।
यह पूछे जाने पर कि लवली को पहले उम्मीदवार क्यों बनाया गया था, चाको ने कहा कि पार्टी ने सभी आठ वर्तमान विधायकों को पुन: नामांकित किया था। पहले आई खबरों में कहा गया था कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है क्योंकि लवली ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। लवली ने भी माकन से मतभेद की खबरों को खारिज किया है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'इसमें खफा होने वाली कोई बात नहीं है। अजय माकन को मेरी ही सिफारिश पर चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख बनाया गया है।' उन्होंने कहा, 'मैं बहुत आभारी हूं कि मेरी पार्टी को लगता है कि मैं दिल्ली चुनाव संभाल लूंगा। कांग्रेस लवली से बहुत बड़ी है और हमें सिर्फ गांधी नगर नहीं, पूरी दिल्ली जीतनी है।' लवली ने कहा कि दिल्ली में पार्टी का नेतृत्व एकजुट है, साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि गांधीनगर विधानसभा के मतदाता उनकी पार्टी के प्रतिनिधि को मत देंगे।