'भारत माता की जय' कहलवाने पर अड़े फडणवीस
सत्ता विमर्श ब्यूरो
मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कहना है कि मुझे हैरानी होती है कि हम कहां जा रहे हैं? मुझे मेरे देश में ही भारत माता की जय बोलने में शर्म क्यों आनी चाहिए? फडणवीस ने कहा कि क्या किसी में इतनी हिम्मत है कि वह इस देश में भारत माता की जय न बोले? देश में 'भारत माता की जय' नारे को लेकर चल रही जबरदस्त राजनीतिक बहस के बीच विवादित बयान देकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नया सियासी हंगामा खड़ा कर दिया है।
फडणवीस ने अपने विवादित बयान में कहा कि जो 'भारत माता की जय' नहीं बोलेगा, उसे देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है। फडणवीस ने नासिक के एक कार्यक्रम में कहा है कि इस देश में सभी को 'भारत माता की जय' बोलना ही पड़ेगा। जय नहीं बोलने वालों को देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
इससे पहले गुरुवार को दारुल उलूम देवबंद ने 'भारत माता की जय' बोलने के मसले पर फतवा जारी किया था। दारुल उलूम ने इसे गैर इस्लामी बताया था। इसके बाद से विवाद और बढ़ गया। इतना तो तय है कि नारों से शुरू हुई ये पूरी बहस कहीं न कहीं देश को मजबूत करने की जगह लगातार कमजोर कर रही है। देश अंदर और बाहर दोनों ही तरफ से खोखला होता जा रहा है।