सुमित्रा महाजन ने उठाया बड़ा सवाल, बोलीं- आरक्षण जारी रखने से क्या देश में समृद्धि आएगी?
सत्ता विमर्श ब्यूरो
रांची : लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने देश और देश के कानून निर्माताओं से जानना चाहा है कि शिक्षा और नौकरियों में आरक्षण को जारी रखने से क्या देश में समृद्धि आएगी।
झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन सुमित्रा महाजन ने कहा, बाबा साहब भीम राव आंबेडकर जी ने खुद कहा था कि आरक्षण की जरूरत महज 10 सालों के लिए है। उन्होंने 10 साल के भीतर समतामूलक समाज की कल्पना की थी। लेकिन, ऐसा नहीं हो सका। अब भी हम हर 10 साल पर इसे अगले 10 वर्षों के लिए बढ़ा देते हैं।
महाजन ने कहा कि हमें यह सोचना होगा कि आरक्षण मिलने से समाज को क्या फायदा हुआ। मुझे आरक्षण मिला। मैं अपने जीवन में कुछ बन गया तो मैंने जीवन के कितने क्षण ऐसे बिताए यह सोचने में कि मैंने अपने समाज को कितना बांटा है? यह सोचना बहुत जरूरी है। क्या उसका फायदा है? क्या आरक्षण की यही कल्पना है?'
इस मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने वामपंथी झुकाव वाले इतिहासकारों पर विदेश में देश की नकारात्मक छवि पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, हमारे लिए सभी धर्म समान हैं। आज देश और समाज को तोड़ने वाली ताकतें सक्रिय हैं। सरल स्वभाव वाले आदिवासियों का धर्म परिवर्तन किया गया लेकिन, हमारी सरकार ने धर्म परिवर्तन विरोधी कानून बनाया है।