गांधी की हत्या करने वाले आज सत्ता में, तो क्या उनको जेल में डाल देना चाहिए : स्वरा भास्कर
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने एक बार फिर से केंद्रीय सत्ता पर निशाना साधा है। स्वरा भास्कर ने अप्रत्यक्ष रूप से मोदी सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि महात्मा गांधी की हत्या करने वाले लोग आज सत्ता में हैं, तो क्या ऐसे लोगों को हमें जेल में डाल देना चाहिए? स्वरा भास्कर के इस बयान को मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में स्वरा ने अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'हमारे देश में जब महात्मा गांधी जैसे महान नेता की हत्या हुई, उस वक्त भी कुछ लोग जश्न मना रहे थे। लेकिन आज वे सत्ता में हैं। क्या हमें उनको जेल में डाल देना चाहिए....?' स्वरा ने कहा कि खून का प्यासा समाज बनना कोई अच्छी बात नहीं है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में भीमा कोरेगांव हिंसा मामले में वरवरा राव, अरुण पेरेरा, गौतम नवलखा, वेरनोन गोन्जाल्विस और सुधा भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इस मामले में 28 अगस्त को गिरफ्तार किए गए इन कार्यकर्ताओं को सितंबर तक उनके घर में ही नजरबंद किया गया है।
स्वरा भास्कर इससे पहले भी सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय बेबाकी से रखती रही हैं। इसके लिए कई बार उन्हें ट्रोल्स का भी सामना करना पड़ा है। कुछ महीने पहले जब स्वरा ने सोशल मीडिया पर कठुआ में 8 साल की बच्ची के रेप के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया था तब भी उन्हें ट्रोल का सामना करना पड़ा था। लोगों का कहना था कि स्वरा सिर्फ एक पक्ष का समर्थन करती हैं।