विजयन ने भरी हुंकार, कहा- गोडसे को भगवान मानने वाले हमें ना सिखायें शांति का पाठ
सत्ता विमर्श ब्यूरो
तिरुअनंतपुरम/कन्नूर/नई दिल्ली: केरल में अपनी राजनीतिक जमीन को पुख्ता करने की जुगत में जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सड़क पर है वहीं अपने जनाधार को बचाए रखने की कवायद वहां की वामपंथी सरकार भी कर रही है। अमित शाह और योगी की जनरक्षा यात्रा की खुलकर मुखालफत अब केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने की हैं। उन्होंने राजनीतिक हिंसा को मुद्दा बनाने वाली पार्टी को गोडसे की याद दिलाई है।
केरल को ना पढ़ायें शांति पाठ
केरल के CM पिनरायी विजयन ने गोडसे को भगवान मानने वालों को केरल को शांति का पाठ ना सिखाने की सलाह दी। हमें उन लोगों से सीखने की जरूरत नहीं है। अगर वे हमें डराने की सोच रहे हैं तो हम डरने वालों में से नहीं हैं। उन्होंने भाजपा की इस यात्रा की तुलना गीले पटाखे से की है, जो स्वतः फुस्स हो जाएगा। विजयन ने यह भी कहा कि उनके कार्यकर्ताओं की हत्याओं के पीछे संघ और भाजपा के लोग हैं। इससे पहले ऐसा ही आरोप भाजपा ने भी लगाया था। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ दोनों ऐसे दावे कर चुके हैं।
सीएम पिनाराई के 'घर' में अमित शाह
केरल में भाजपा और संघ कार्यकर्ताओं के मारे जाने को लेकर भाजपा ने पद्यात्रा की मुहिम पूरे देश में छेड़ रखी है। आगाज़ अमित शाह ने 10.5 किमी चलकर किया तो दूसरे दिन यात्रा के केन्द्रबिंदू उत्तर प्रदेश के फायर ब्राण्ड मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहे वहीं तीसरे दिन शाह सीएम पिनाराई के गांव से ताल ठोक रहें हैं। ये गांव उसी कन्नूर जिले में पड़ता है जहां राजनीतिक हत्यायें हो रहीं हैं। यहां वो मारे गए RSS-BJP कार्यकर्ताओं के पीड़ित परिवारों से मिलेंगे। इसके अलावा CM के गांव में एक रैली को भी संबोधित करेंगे।
विजयन के क्षेत्र में सबसे ज्यादा हत्यायें
भाजपा का आरोप है कि पिछले 17 साल में केरल में भाजपा और संघ के 120 कार्यकर्ताओं की हत्या की जा चुकी है। इनमें से 84 अकेले कन्नूर में हैं। विजयन के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके गृह जिले में 14 कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। यही वजह है कि भाजपा अध्यक्ष का CM के क्षेत्र में उतरकर चुनौती देंगे।
आरएसएस के हमले से सीपीएम कार्यकर्ता मारे गए- येचुरी
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) प्रमुख सीताराम येचुरी ने कहा, "आरएसएस ने हत्या की शुरुआत कामरेड पिनराई विजयन के विधानसभा क्षेत्र में जीत की खुशी मनाने वाले माकपा कार्यकर्ता रविंद्रनाथ की हत्या कर की थी।" उन्होंने कहा कि अब तक 13 सीपीएम कार्यकर्ता मारे गए हैं और आरएसएस के हमले से अब तक 250 कार्यकर्ता घायल हुए हैं। येचुरी ने कहा कि आरएसएस से कोडियेरी क्षेत्र में बमों को बरामद किया गया था और पय्यान्नुर में आरएसएस के कार्यालय से बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए थे।