जन्मशती पर 'राष्ट्र की मां' कहकर वरुण ने इंदिरा को किया याद, ट्वीटर पर लिखा- मिस यू दादी
सत्ता विमर्श डेस्क
नई दिल्ली : देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आज जन्मशती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें याद किया। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के परिवार के लोगों ने भी 100वीं जयंती पर उन्हें याद किया। अपनी दादी को याद करते हुए वरुण गांधी ने ट्वीट किया- मिस यू दादी।
कांग्रेस अध्यक्ष और इंदिरा की बड़ी बहू सोनिया गांधी तथा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इंदिरा गांधी को याद किया। भाजपा सांसद वरुण गांधी ने भी अपनी दादी के साथ बिताई यादें शेयर करना नहीं भूले। वरुण ने ट्वीट कर एक फोटो के साथ अपनी दादी इंदिरा गांधी को याद किया। इस फोटो में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी नजर आ रही हैं और उनकी गोद में एक छोटा बच्चा है। ये वरुण गांधी के बचपन की तस्वीर है।
'Courage is the most important of all the virtues because without courage, you can't practice any other virtue consistently'. To a lady that was a mother to this nation. Miss you Dadi... I know you always watch over us. pic.twitter.com/2UltgEExD7
— Varun Gandhi (@varungandhi80) November 19, 2017
वरुण गांधी ने अपनी दादी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके जज्बे की तारीफ करते हुए अपने ट्वीट में इंदिरा गांधी को राष्ट्र की मां के तौर पर संबोधित करते हुए लिखा, 'साहस सबसे बड़ा महत्वपूर्ण गुण होता है, क्योंकि इसके बिना आप किसी दूसरी खासियत को बरकरार नहीं रख सकते।' वरुण गांधी ने आगे लिखा, 'मिस यू दादी...मैं जानता हूं, आप हमेशा हमें देख रहे हैं।'
राहुल गांधी ने भी अपनी दादी को कुछ इसी अंदाज में याद किया। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने अपनी दादी को मेंटर और गाइड बताते हुए कहा, दादी आपसे मुझे बहुत हिम्मत मिलती है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी है।
सोनिया गांधी ने इस मौके पर एक कार्यक्रम में कहा कि इंदिरा जी निहित स्वार्थों के खिलाफ एक विजन लिए लड़ीं. उन्होंने कहा कि वह धर्मनिरपेक्षता के लिए लड़ीं और उन लोगों के खिलाफ हमेशा खड़ी रहीं जो समाज को धर्म और जाति की लकीरें खींचकर बांट देना चाहते थे. सोनिया गांधी ने कहा, मैंने इंदिरा जी को लौह महिला कहे जाते सुना है, लेकिन उनके चरित्र में लोहा महज एक तत्व था, उसमें उदारता और मानवता जैसे प्रमुख लक्षण भी थे।
सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी से अपने संबंधों को याद करते हुए कहा, हम 16 साल से ज्यादा समय तक एक घर में रहे। हमारे छोटे से परिवार की मुखिया थीं वह और इसी दौरान मैंने उन्हें करीब से जाना। मैंने उन्हें हर मूड व परिस्थिति में करीब से देखा है। सोनिया ने कहा, मुझे समझ में आया कि कितनी शिद्दत से वह अपने देश के लिए सोचती थीं, गरीब व पीड़ित की मदद कितनी गहराई से करती थीं, वह कैसे अपने पिता व भारतीय स्वतंत्रता संघर्ष के अन्य महान पुरुषों व महिलाओं से प्राप्त सीख का निष्ठा से पालन करती थीं।
मालूम हो कि इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को हुआ था। वह भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं और अपने पिता पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद सबसे ज्यादा वक्त तक इस पद पर रहने वाली दूसरी प्रधानमंत्री थीं। वह जनवरी 1966 से मार्च 1977 और 14 जनवरी 1980 से वर्ष 31 अक्तूबर 1984 को अपनी हत्या तक प्रधानमंत्री रहीं।