राहुल गांधी ने भरी हुंकार, कहा- भाजपा को उसकी जगह दिखाएंगे, दिल्ली की सत्ता से उखाड़ फेकेंगे
सत्ता विमर्श ब्यूरो
मोहाली : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनकी पार्टी 2019 के आम चुनाव में भाजपा को केंद्र की सत्ता से उखाड़ फेकेंगी। भाजपा पर न्यायपालिका, सेना और मीडिया जैसे संस्थानों की विश्वसनीयता को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हम भाजपा को उसकी जगह दिखाएंगे और चुनाव में हराएंगे।
राहुल यहां पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के साथ हिन्दी अखबार नवजीवन के लांचिंग समारोह में हिस्सा लेने आए थे। 'नवजीवन' कांग्रेस के स्वामित्व वाले नेशनल हेराल्ड अखबार का हिंदी संस्करण है। भाजपा और मोदी सरकार पर बरसते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में डर का एक माहौल बनाया गया है और मीडिया को भी डराने और दबाने की कोशिश की गई है। मीडिया केवल वही कहती है जो शक्तिशाली लोग सुनना चाहते हैं। ऐसे माहौल में 'नवजीवन' एक स्वतंत्र आवाज बनेगा। यह अखबार कांग्रेस पार्टी की भी आलोचना कर सकता है।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश खुले तौर पर कह रहे हैं कि उन्हें काम करने नहीं दिया जा रहा है। सेना के जनरल कह रहे हैं कि मोदी सेना का दुरुपयोग कर रहे हैं और चुनाव आयोग को भी दबाया जा रहा है। हम इन संस्थानों की रक्षा के लिए लड़ेंगे। हम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा के जैसे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में सत्तासीन लोग मीडिया को बेरोजगारी और किसानों की दुर्दशा जैसे मुद्दे नहीं उठाने दे रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सराहना करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने यह दिखाया कि कैसे विनम्रता और सम्मान के साथ नेतृत्व किया जाता है। उन्होंने (मनमोहन सिंह) विश्व के नेताओं को बताया कि कैसे काम किया जाता है। वह ब्रह्मांड के गौरव हैं।
देश को गलत राह पर ले जा रही है मोदी सरकार : मनमोहन सिंह
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भाजपा नीत केंद्र की मोदी सरकार पर देश को गलत राह पर ले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की गतिविधियों के चलते राष्ट्र की स्वतंत्रता खतरे में पड़ सकती है। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश की स्वतंत्रता को मजबूत बनाने में महत्त्वपूर्ण भमिका निभाई थी। लेकिन पिछले साढ़े चार साल से भाजपा ने ऐसी बातों को बल दिया है जो भारतीय इतिहास को प्रतिकूल ढंग से प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने कहा, 'इससे एक बार फिर देश की आजादी खतरे में पड़ सकती है।' मनमोहन ने कहा, 'मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि वे यह समझें कि मौजूदा सरकार कैसे राष्ट्र को एक गलत रास्ते पर ले जा रही है। इससे मजबूती से लड़ने की जरूरत है।'