केरल की सड़क पर उतरे योगी, राजनीतिक हिंसा पर जताया अफसोस, बताया- लोकतंत्र विरोधी
सत्ता विमर्श ब्यूरो
कन्नूर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस कार्यकर्ताओं की हत्या पर विरोध जताने के लिए यहां की सड़कों पर हैं। वो जनरक्षा यात्रा में शामिल हुए हैं। मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमित शाह ने पैदल यात्रा की थी। भाजपा के इस कदम को राजनीतिक पृष्ठभूमि को पुख्ता करने की मुहिम के तौर पर देखा जा रहा है। अमित शाह की ही तरह योगी भी 10 किमी की दूरी तय करेंगे।
यात्रा से पहले भाजपा की टोपी पहने योगी ने राज्य में हो रही हिंसा को अफसोसनाक बताया और कहा- किसी भी लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं होती लेकिन यहां पर लगातार राजनीतिक हत्यायें हो रहीं हैं। ये यात्रा दरअसल, केरल, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल की सरकारों को आईना दिखाने के लिए है। बताने के लिए कि उन्हें राजनीतिक हत्यायों पर रोक लगानी होगी। यात्रा भाजपा और संघ के कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ लोगों को जागरुक करने का काम करेगी। कम्युनिस्ट केरल सरकार में अपने विचारधारा के विरोध करने वालों की हत्या कर रही है।
#WATCH Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath takes part in #JanaRakshaYatra in Kannur over killing of BJP & RSS workers in Kerala pic.twitter.com/nBALvdaSrs
— ANI (@ANI) October 4, 2017
अमित शाह ने पदयात्रा का किया आगाज
मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केरल के कन्नूर के पयन्नुर से त्रिवेंद्रम तक के लिए इस यात्रा का आगाज किया और खुद भी 10.4 किमी की पदयात्रा की। शाह के साथ केंद्रीय पर्यटन मंत्री केजे अल्फोंस भी नजर आए। भाजपा की जनसुरक्षा यात्रा 15 दिनों तक चलेगी और केरल के 11 जिलों से होकर गुजरेगी। वहीं शाह ने उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ सीपीएम की हिंसा के खिलाफ बुधवार से सभी राज्यों की राजधानियों में दो सप्ताह की 'पदयात्रा' की घोषणा की है। देश भर के सभी राज्यों की राजधानी में भाजपा कार्यकर्ता दो सप्ताह के लिए सड़क पर उतरकर केरल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
भाजपा कर रही है केरल को बदनाम : CPM
सीपीएम के राज्य सचिव कोडियेरी बालकृष्णन ने आरोप लगाया कि CPM नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार पर जानबूझकर हमले का प्रयास किया गया और 'केरल जिहादियों की भूमि' है यह बयान उस अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आतंकवाद के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी और आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह निराधार आरोप लगाकर राज्य में तनाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।