विदेशों में नरेंद्र मोदी और आप का है क्रेज
अमलेंदु भूषण खां
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को तो न्यूजीलैंड की अस्मिता सिंह जानती हैं लेकिन मोदी किस पार्टी से ताल्लुकात रखते हैं यह उन्हें नहीं पता। इसी तरह त्रिनिनाद एंड टोबेगो की रहने वाली कविता महावीर राहुल गांधी का नाम आज तक नहीं जान सकी हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी यानी आप के बारे उन्हें थोड़ी बहुत जानकारी है।
प्रवासी भारतीय दिवस-2014 में भाग लेने आई अस्मिता कोमल सिंह का दूसरा मकसद अपने पूर्वजों के बारे में जानकारी हासिल करना भी है। उन्हें सिर्फ इतना पता है कि उनके पूर्वज या तो बिहार के थे या उत्तर प्रदेश के। इसी साल बी.काम की डिग्री हासिल करने वाली अस्मिता बताती हैं कि भ्रष्टाचार व हिंसा को लेकर विदेशों में भारत की छवि अच्छी नहीं है।
नरेंद्र मोदी के बारे में उनके देश में टीवी पर कभी-कभी खबर दिखाई जाती है। टीवी स्क्रीन पर पट्टियों पर भी खबर चलती है। इसके कारण नरेंद्र मोदी के बारे में जानकारी मिलती रहती है। मैनेजमेंट की डिग्री हासिल करने वाली त्रिनिनाद एंड टोबेगो की कविता से जब राहुल गांधी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कौन हैं यह। उन्होंने कहा कि आप के बारे में थोड़ी-बहुत जानकारी है उन्हें। युवाओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अच्छा कदम उठाया है। यह पार्टी दूसरी पार्टियों से अलग है। युवाओं के विचार अच्छे हैं। आप की जीत की गाथा के लिए बनाई गई रणनीति की कविता तारीफ करती हैं।
अपने पूर्वजों के बारे में अस्मिता बताती हैं कि उनके दादा पहले फिजी में रहते थे। बाद में वह न्यूजीलैंड पहुंच गए। उनके पिता टैक्सी चलाते हैं लेकिन वहां पूरा परिवार खुशहाल जिंदगी जी रहा है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के बाद उनकी कोशिश होगी कि कुछ पता कर सकें। 16 दिसंबर 2012 को दिल्ली गैंगरेप की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अस्मिता और कविता दोनों का कहना है कि लड़कियों व महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। खासकर रात के समय में काम करने वाली लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष कदम सरकार उठाए। उस घटना को लेकर विदेशों में काफी निंदा हुई। दोनों का कहना है कि विदेशों में भी हत्या बलात्कार की घटनाएं होती है लेकिन जिस तरह की क्रूरता यहां बरती गई वह रोंगटे खड़े करने वाली है।