हैदराबादी नंदिता टेक्सास की सचिव नियुक्त
वाशिंगटन : अमेरिका में एक और भारतीय ने अपना इकबाल बुलंद किया है। यह हैं भारतीय मूल की अमेरिकी नंदिता बेरी, जिन्हें गवर्नर रिक पेरी ने टेक्सास के लिए सेकेट्री ऑफ स्टेट नियुक्त किया है। वह जॉन स्टीन का स्थान लेंगी। वह अमेरिका के दक्षिणी राज्य में इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाली भारतीय मूल की पहली अमेरिकी हैं। 45 वर्षीय अटार्नी नंदिता बेरी का जन्म हैदराबाद में हुआ था।
वह सात जनवरी को अपना पदभार ग्रहण करेंगी। इस पद पर रहते हुए वह टेक्सास की मुख्य चुनाव अधिकारी, सीमा और मेक्सिको मामले पर गवर्नर की संपर्क अधिकारी और इस राज्य के मुख्य प्रोटोकॉल अधिकारी के रूप में काम करेंगी। रिक पेरी ने कहा, 'नंदिता आज जिस मुकाम पर हैं, वह कड़ी मेहनत से ही संभव है। वह 21 साल की उम्र में भारत से अमेरिका आई थीं। उस समय उनके नाम केवल 200 डॉलर (करीब 12 हजार रुपये) की राशि थी। उन्होंने मेहनत कर कानून की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद से वह राज्य की सबसे निपुण अटार्नी में से एक है।' अपनी नियुक्ति से उत्साहित बेरी ने कहा कि वह स्टीफन एफ ऑस्टिन (राज्य के पहले विदेश सचिव) के पदचिहनों पर चलकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।
सेकेट्री ऑफ स्टेट का कार्यालय आधिकारिक और कारोबार संबंधी रिकॉर्ड के संग्राहक के रूप में काम करता है। यह सरकार के नियमों को प्रकाशित करता है। इसके पास राज्य की मुहर होती है और यह आधिकारिक दस्तावेजों पर गवर्नर के हस्ताक्षर को प्रमाणित भी करता है। नंदिता बेरी स्टेट बार ऑफ टेक्सास और ह्यूस्टन बार एसोसिएशन की सदस्य हैं। उन्होंने बेंगलूर के माउंट कारमेल कॉलेज से बैचलर डिग्री और यूनिवर्सिटी ऑफ ह्यूस्टन लॉ सेंटर से कानून की डिग्री ली है। (एजेंसियां)