सिब्बल ने दिया भरोसा, हर हाल में मिटाएंगे भ्रष्टाचार
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कानून मंत्री कपिल सिब्बल ने देश से भ्रष्टाचार मिटाने की बात पर जोर देते हुए कहा कि इसकी रोकथाम के लिए सरकार ने लोकपाल विधेयक पारित करने जैसी पहल की है और आगामी संसद सत्र में इस बुराई पर लगाम लगाने वाले कुछ और विधेयक पारित कराए जाएंगे। लेकिन यह कहना भी नहीं भूले कि दुनिया में हर युग में एक छोटे समूह के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के उदाहरण मिलते रहे हैं।
12वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिब्बल ने यहां कहा, ‘दुनिया में किसी समय और किसी भी स्थान को देखा जाए तो एक छोटा समूह ऐसा मिलेगा जो भ्रष्टाचार से जुड़ा है।’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुछ मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं और बिना उनकी पुष्टि हुए केवल आरोपों के आधार पर उन्होंने इस्तीफा दिया।
मंत्री ने कहा, ‘केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए हाल ही में लोकपाल विधेयक पारित किया । अगले सत्र में इस बुराई को समाप्त करने के लिए कुछ और विधेयक पेश किये जाएंगे।’ सिब्बल ने कहा कि हम किसी भी सम्यता का जिक्र करें, भ्रष्टाचार ऐसा विषय है जो हर समय देखा गया है।
सिब्बल ने कहा कि निविदा की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और किसी तरह के भ्रष्टाचार को रोकने के लिए बोली आनलाइन लगाने और प्रक्रिया की जानकारी इंटरनेट पर जारी करने की पहल की गई है। इससे पहले सिब्बल ने कहा कि दुनिया में भारत की ताकत को बढ़ाने में प्रवासी भारतीयों का काफी योगदान है। उन्होंने कहा कि वास्तविक चुनौती यह है कि युवाओं को उपयुक्त अवसर किस तरह से मुहैया कराये जाएं।
सिब्बल ने कहा कि एक रिपोर्ट के मुताबिक साल 2020 तक भारत में 60 करोड़ कामकाजी आबादी हो जायेगी। यह भारत के लिए बड़ा अवसर प्रदान करेगा। अगर इतनी बड़ी पढ़ी लिखी आबादी देश में होगी तब यह सकल घरेलू उत्पाद में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। सिब्बल ने कहा कि आज युवा भारत आकांक्षाओं से भरा हुआ है और अगर हम इस मौके का फायदा उठा सकंे तब आकांक्षाओं से भरा भारत पूरी दुनिया को प्रेरणा देने वाला बन जायेगा। उन्होंने कहा कि हमें इसके लिए विनिर्माण क्षेत्र का विस्तार करना होगा, शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल सुधार करने होंगे क्योंकि स्कूल जाने वाले प्रत्येक 100 बच्चों में से केवल 19 बच्चे विश्वविद्यालय स्तर पर पहुंच पाते हैं।
भारत के विकास एवं दुनिया में संबंधों के विस्तार में प्रवासी भारतीयों के योगदान को रेखांकित करते हुए विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने आज कहा कि विदेशों में उच्चायोगों में सुविधाओं का विस्तार सहित प्रवासियों की समस्याओं को दूर किया जायेगा। खुर्शीद ने कहा कि हम एक ऐसी दुनिया में रह रहे हैं जहां अनेकता में एकता है। भारतीय लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था, रक्षा एवं सांस्कृतिक विकास और कौशल के भरपूर युवाओं के कारण दुनिया में भारत एक शक्ति के रूप में उभरा है। इसे विस्तार देने में प्रवासी भारतीयों का अहम योगदान है।
उच्चायोगों में सुविधाओं के बारे में विदेश मंत्री ने कहा, ‘दुनिया के विभिन्न देशों में उच्चायोगों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आने वाले समय में हम इसे पूरी तरह से दुरूस्त कर देंगे जहां प्रवासियों की समस्याओं को दूर करने पर जोर होगा।’ उन्होंने कहा कि विचारों के आदान प्रदान के लिए सोशल नेटवर्किंग के अलावा समर्पित वेब पोर्टल को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।