'नफरत गर्ल' नहीं अब 'MY GIRL' बनी हिलेरी
प्रवीण कुमार
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। चुनाव प्रचार अभियान अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस दौरान हिलेरी और ट्रम्प के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी अपने चरम पर है। यह स्वाभाविक भी है लेकिन इस सबके बीच जो सबसे चौंकाने वाली चीजें देखने को मिल रही हैं वह यह है कि अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा द्वारा डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को 'माय गर्ल' कह कर बुलाना।
दरअसल, मिशेल ओबामा खुद को भविष्य के अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर देखती हैं। मिशेल कहीं ना कहीं इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि हिलेरी भले ही राष्ट्रपति पद के लिए चुन लिए जाएं लेकिन अपना कार्यकाल पूरी नहीं कर सकतीं। इसके पीछे जो असल वजह है वह है हिलेरी के ई-मेल का मामला। एफबीआई इसकी जांच कर रही है और मामला बेहद संगीन है। यह ऐसा मामला है जिसके सामने आने भर से हिलेरी और ट्रम्प के बीच मुकाबला कांटे का हो गया है। ओबामा तक कहने लगे हैं कि प्लीज! घर से निकलिए, वोटिंग कीजिए क्योंकि मुकाबला करीब का है।
मिशेल को लगता है कि अगर हिलेरी को अपनी वजहों से पद से हटना पड़ा तो वह इस पद के लिए एक योग्य उम्मीदवार होंगी। और इसके लिए अवसरवादी राजनीति के धर्म के मुताबिक हिलेरी से पुराने मनमुटाव को दूर कर राजनीति के साथ-साथ भावनात्मक रिश्तों को नया आयाम दिया जाए। हिलेरी ने अगर साथ दे दिया तो मिशेल के लिए राह आसान हो जाएगी। मिशेल की छवि भी साफ सुथरी मानी जाती है।
जी हां! अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2008 से पहले के दिन को याद कीजिए जब मिशेल के हिलेरी क्लिंटन के साथ रिश्ते अच्छे नहीं थे। 'फर्स्ट वुमन : द ग्रेस एंड पावर ऑफ अमेरिकाज मॉडर्न फर्स्ट लेडीज' नाम की किताब में इस बात का दावा किया गया है। इस किताब को केट एंडरसन ब्रोअर ने लिखा है। लेकिन आज मिशेल न केवल हिलेरी का समर्थन कर रही हैं बल्कि रैलियों में उन्हें 'माय गर्ल' और अनुभवी महिला भी बता रही हैं।
2008 में राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के लिए ओबामा और हिलेरी आमने-सामने थे। 2008 के अभियान में बराक ओबामा ने 'होप एंड चेंज' का नारा दिया था। हिलेरी ने ओहियो की रैली में इसका मजाक उड़ाया था। केट का इस किताब में कहना है कि हिलेरी का ऐसा करना ही मिशेल की नाराजगी की मुख्य वजह बनी थी। लेकिन शायद 'रात गई बात गई' की तर्ज पर पिछले कुछ हफ्तों से मिशेल हिलेरी की जबरदस्त समर्थक बनकर उभरी हैं।
नॉर्थ कैरोलिना की एक रैली में मिशेल ने कहा- मैं हिलेरी की सराहना और सम्मान करती हूं। वह एक वकील, कानून की प्रोफेसर, अमेरिका की प्रथम महिला, अमेरिकी सीनेटर और विदेश मंत्री रही हैं। राष्ट्रपति पद के लिए उनके पास जितना अनुभव है, उतना किसी भी दूसरे उम्मीदवार के पास पूरी जिंदगी का नहीं है। निश्चित रूप से बराक (ओबामा) से भी ज्यादा, बिल क्लिंटन से भी ज्यादा। इसलिए वह निश्चित तौर पर पहले दिन से ही कमांडर-इन-चीफ बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। और हां, वह एक महिला भी हैं।
ठीक इससे उलट, 2008 में अपने पति बराक ओबामा के समर्थन में प्रचार करते वक्त मिशेल ओबामा ने कहा था कि हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति बनने लायक नहीं हैं। उन्होंने एक भाषण में हिलेरी के विरोध में कहा था- अगर आप अपना खुद का घर नहीं चला सकते हैं तो आप निश्चित रूप से व्हाइट हाउस नहीं चला सकते। डोनाल्ड ट्रम्प के समर्थक ग्रुप सुपर पीएसी ने मीडिया में 'कान्ट रन हर हाउस' नाम से एक ऐड दिया था। इस ऐड में मिशेल के उस बयान का उल्लेख किया गया था जिसमें उन्होंने कहा था- अगर आप अपना खुद का घर नहीं चला सकते हैं, तो आप निश्चित रूप से व्हाइट हाउस नहीं चला सकते।