Exit Polls Result 2019 : महाराष्ट्र और हरियाणा दोनों ही राज्यों में एक बार फिर भाजपा की ही लहर
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद छह एग्जिट पोल्स में क्रमश: भाजपा-शिवसेना गठबंधन और भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने के आसार हैं। हालांकि चुनाव नतीजे 24 अक्टूबर को आने हैं, लेकिन अगर एग्ज़िट पोल की मानें तो दोनों ही राज्यों में भाजपा दोबारा वापसी करती हुई नजर आ रही है। विरोधी दल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी समेत कई क्षेत्रीय दल भी अपनी जमीन खोते नजर आ रहे हैं।
महाराष्ट्र में फिर से भाजपा-शिवसेना गठबंधन
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 में मुख्य मुकाबला भाजपा—शिवसेना महागठबंधन ‘महायुति’और कांग्रेस—राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ‘महा अघाड़ी' (मोर्चा) के बीच है। महाराष्ट्र के एग्ज़िट पोल पर अगर नज़र डालें तो टाइम्स नाउ के एग्ज़िट पोल के मुताबिक भाजपा-शिवसेना के गठबंधन को कुल 230 सीटें मिलने की उम्मीद है वहीं कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को एक बार फिर नुकसान होता दिखाई दे रहा है। इस गठबंधन को मात्र 48 सीटें ही मिलती दिखाई दे रही हैं। एबीपी-सी वोटर सर्वे में महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को जबरदस्त जीत हासिल होने का अऩुमान है। सर्वे में भाजपा-शिवसेना को 204 सीटें जबकि कांग्रेस-एनसीपी को 69 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। अन्य दलों को 15 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्ज़िट पोल में भी भाजपा-शिवसेना ने ही बाजी मारी है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने भाजपा शिवसेना गठबंधन को 166 से 194 सीटें मिलने की उम्मीद जताई है। कांग्रेस-एनसीपी को 72 से 90 सीटों पर जीत की संभावना जताई है। इस एग्ज़िट पोल में यह भी अनुमान लगाया है कि भाजपा को अकेले 109 से 124 और शिवसेना को 57 से 70 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को अकेले 32 से 40 और एनसीपी को 40 से 50 सीटें मिल सकती हैं। न्यूज 18- इपसोस के एग्जिट पोल में भाजपा-शिवसेना को बाजी मारता दिखाया गया है। इस गठबंधन को 243 सीटें, कांग्रेस-एनसीपी को 41 सीटें मिलती दिख रही हैं वहीं अन्य को महज़ 4 सीटें मिलने की उम्मीद हैं।
महाराष्ट्र में भाजपा के सीएम देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए प्रयासरत है। भाजपा राज्य में 164 सीटों पर चुनाव लड़ रही है वहीं शिवसेना 124 सीटों अपने उम्मीदवार खड़े किए है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने 147 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 121 उम्मीदवार उतारे हैं। सभी प्रमुख दलों के अलावा राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने 101 उम्मीदवारों को मौका दिया है। भाकपा ने 16, माकपा ने 8 और बसपा ने 262 उम्मीदवार उतारे है। गौरतलब है कि,महाराष्ट्र विधानसभा 2014 में 288 सीटों में से भाजपा को 122, शिवसेना को 63, कांग्रेस को 42 और एनसीपी को 41 सीटे मिली थी। बाकी सीटें अन्य और निर्दलीयों के खाते में गई थी। विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद भाजपा और शिवसेना ने मिलकर भाजपा के देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सरकार बनाई थी।
हरियाणा के रण में इस बार भी खट्टर ही आगे
एग्जिट पोल के मुताबिक हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की सरकार एक बार फिर से बनने जा रही है। यानी हरियाणा की जनता ने मनोहर लाल खट्टर को ही अपना नेता माना है और 90 सीटों वाली विधानसभा में दो तिहाई बहुमत भाजपा को मिलने की उम्मीद जताई गई है। टाइम्स नाउ के मुताबिक तो हरियाणा में भाजपा को 71, कांग्रेस को 11 और अन्य के खाते में 8 सीटें जाने का अनुमान लगाया है। वहीं न्यूज 18- इपसोस के एग्जिट पोल में भाजपा को 70 और कांग्रेस को 10 सीटें मिलती दिख रही हैं जबकि जजपा को एक और अन्य को तीन सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।
जन की बात ने भाजपा को 57 सीटें और कांग्रेस को 17 तथा अन्य को 16 सीटें दी हैं। न्यूज़ एक्स ने भाजपा को 77, कांग्रेस को 11 और अन्य को 02 सीटें दी हैं। अगर बात करें एबीपी न्यूज़-सी वोटर की तो उसमें भाजपा को 72, कांग्रेस को 08 और अन्य को 10 सीटें मिलती दिखाई गई हैं। 2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने राज्य में शानदार जीत हासिल की थी। तब भाजपा के 47, कांग्रेस के 16 और आईएनएलडी के 7 विधायक जीते थे। बाकी सीटें अन्य दलों और निर्दलीयों के खाते में गई थी।