एक दिन में 18,500 कप चाय पी जाता है महाराष्ट्र CMO
सत्ता विमर्श ब्यूरो
मुंबई : महाराष्ट्र की भाजपा सरकार का एक कथित चाय घोटाला सामने आया है। एक आरटीआई में पता चला है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के कार्यालय में हर रोज 18,500 कप चाय पी जाती है। आरटीआई दस्तावेज पेश करते हुए कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने आरोप लगाया कि बीते तीन सालों में चाय पीने पर होने वाले खर्च में बेतहाशा वृद्धि हुई है।
संजय निरूपम ने आरटीआई से मिली जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि 2015-16 तक मुख्यमंत्री कार्यालय में चाय-पानी पर करीब 58 लाख रुपए खर्च होते थे, जो 2017-18 में बढ़कर करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपए हो गए हैं। संजय निरुपम ने कहा कि इस मद में खर्च में 577 फीसदी की बढ़ोत्तरी होना अचंभित करता है। उन्होंने हिसाब लगाकर बताया कि इस तरह देखें तो मुख्यमंत्री कार्यालय में हर रोज 18,591 कप चाय पी जा रही है। उन्होंने सवाल पूछा कि क्या यह संभव है?
संजय निरुपम ने पूछा कि आखिर किस तरह की चाय पी रहे हैं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस। हमने ग्रीन टी, येलो टी आदि के बारे में सुना है। लेकिन लगता है कि मुख्यमंत्री और उनका कार्यालय शायद कोई बेहद महंगी गोल्डन टी पीता है, इसीलिए इस मद में इतना पैसा खर्च हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ किसानों की जान जा रही है और सीएम महंगी चाय पर करोड़ो रुपए खर्च कर रहे हैं। संजय निरूपम ने कहा कि प्रधानमंत्री इस बात में फख्र महसूस करते हैं कि वे कभी चायवाले थे। लेकिन उनकी ही पार्टी के मुख्यमंत्री इसे कई कदम आगे ले गए हैं और देश को चाय के नाम पर चूना लगा रहे हैं।
क्या एक दिन में 18000 कप से ज्यादा चाय पीना संभव है, यह पूछे जाने पर संजय निरूपम ने कहा कि हो सकता है मंत्रालय में घूम रहे चूहे चाय पी जाते हों। गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे ने उजागर किया था कि कैसे महाराष्ट्र सरकार ने एक सप्ताह में मंत्रालय से 3,19,400 चूहों को मार दिया। बाद में सरकार ने सफाई दी थी कि दरअसल यह संख्या चूहों की नहीं बल्कि चूहे मार दवाई की थी जो मंत्रालय में छिड़की गई थी।