ममता ने भरी हुंकार : 2019 में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेकेंगे
सत्ता विमर्श ब्यूरो
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की अध्यक्ष चुने जाने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह 2019 में नरेंद्र मोदी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में पार्टी का आंतरिक चुनाव आयोजित किया गया जिसमें ममता को पार्टी अध्यक्ष चुना गया।
ममता इस दौरान नारदा घोटाले में आरोपी बनाए गए टीएमसी सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ खड़ी नजर आईं। उन्होंने कहा, 'वे आपके खिलाफ कुछ भी साबित नहीं कर सकते। भाजपा से डरने की जरूरत नहीं है।' इस दौरान ममता ने कहा, 'कौन आरोपी है? कृपया खड़े हो जाएं। डरने की जरूरत नहीं है। बहादुर की तरह महसूस करें।' ममता ने कहा कि हमें निशाना बनाया गया है क्योंकि हम सच्चाई की आवाज उठाते हैं।
इस बीच, उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए क्षेत्रीय पार्टियों को एकजुट होने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा, 'मेरा सभी क्षेत्रीय पार्टियों से अपील है कि वे एकजुट हो जाएं। यह समय की मांग है कि देश के लिए सभी क्षेत्रीय पार्टियां एक हो जाएं।'
ममता ने इस दौरान आरएसएस और भाजपा पर सांप्रदायिक हिंसा फैलाने का आरोप लगाया।
टीएमसी सुप्रीमो ने कहा, 'आरएसएस निराशा में बंगाल को निशाना बना रही है। वे झूठा प्रचार कर रहे हैं। मैं कहीं भी जाती हूं चाहे वो लंदन हो, पुरी हो या दिल्ली वे विघ्न डालने अपने कार्यकर्ताओं को भेज देते हैं। भाजपा लोगों को धार्मिक पहचान के नाम पर बांट रही है। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं लेकिन मानवता सबसे बड़ी पहचान होती है। भाजपा ने प्रतिशोध की राजनीति के कारण लोकतांत्रिक संस्कृति को नष्ट किया है। उनकी सोच 'हम जेल गए हैं तो आपको भी जेल भेजेंगे' वाली है।'
ममता यही नहीं रुकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवा ब्रिगेड बांग्लादेश के लोगों की तस्वीरे पोस्ट कर इसे बंगाल बताते हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा द्वारा फैलाई गई अफवाह का जवाब दें। इस दौरान घोषणा की गई कि टीएमसी 2019 के लोकसभा चुनाव में पंजाब में भी अपने उम्मीदवार उतारेगी।