ओबामा के सबसे महंगे मेहमान, मनमोहन सिंह!
वॉशिंगटन: पीएम मनमोहन सिंह के तारे देश में भले ही गर्दिश में हों लेकिन एक मामले में वो दुनिया के कई सिरमौरों से बाजी मार ले गये हैं। पीएम के सम्मान में दिये गये रात्रि भोज पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने पौने छह लाख डॉलर (साढे़ तीन करोड़ रुपये) खर्च किए थे, दिलचस्प बात ये है कि ये डिनर अब तक का सबसे महंगा रहा। ये खुलासा सूचना के अधिकार के तहत हुआ है। दावत 24 नवंबर 2009 को व्हाइट हाउस में दी गई थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा शाही दावतें देने के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने 2009 के बाद से अब तक पांच सबसे महंगे डिनर दिए हैं। इन पर 15.5 करोड़ डॉलर खर्च किए हैं। इनमें से भी सबसे महंगा डिनर उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दिया। विदेश विभाग के प्रोटोकॉल ऑफिस से मिले रिकॉर्ड के अनुसार, राष्ट्रपति ऐसे किसी एक डिनर पर करदाताओं के पांच लाख डॉलर तक खर्च कर सकते हैं।
फ्रीडम ऑफ इन्फॉर्मेशन के तहत मिली जानकारी के अनुसार ओबामा ने मनमोहन सिंह को 24 नवंबर 2009 को डिनर दिया था। उस पर 572,187.36 डॉलर (करीब 3 करोड़ 55 लाख 33 हजार रुपए) खर्च किए गए थे। ओबामा ने दूसरा सबसे महंगा डिनर मैक्सिको के राष्ट्रपति फेलिप कॉल्डेरॉन को 19 मई 2010 को दिया था। इस पर 563,479. 92 डॉलर खर्च किए गए थे। चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें 19 जनवरी 2011 को दिए डिनर पर ओबामा ने 412,329.73 डॉलर खर्च किए थे।
इस रात्रि भोज में स्टीवन स्पीलबर्ग, एल्फ्रे वुडर्ड, बेल्यर अंडरवुड, जेनिफर हडसन, ए आर रहमान, डेविड गेफेन, जेफ्री केजनबर्ग, दीपक चोपड़ा, एम नाइट श्यामलन, इंद्रा नूयी, केटी कोरिस, ब्रायन विलियम्स, रॉबिन रॉबर्ट्स, संजय गुप्ता और गेल किंग जैसे मेहमान आमंत्रित किये गये थे।(एजेंसी)